PM Modi Congratulates Team India: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम को एसीसी मेन्स अंडर-19 एशिया कप 2026 जीतने पर बधाई दी। उन्होंने युवा क्रिकेटरों के शानदार प्रदर्शन की तारीफ की और कहा कि उनकी सफलता कई युवाओं को प्रेरित करेगी।

भारत U19 ने अल अमरात क्रिकेट ग्राउंड पर एक रोमांचक फाइनल में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर एक विकेट से दिलचस्प जीत हासिल की। पाकिस्तान को 1 विकेट से हराकर भारत ने एसीसी मेन्स अंडर-19 एशिया कप का खिताब भी अपने नाम कर लिया है।

खिताबी मैच में भारत को जीत के लिए 338 रनों के मुश्किल लक्ष्य मिला था, जिसे उन्होंने पारी की अंतिम गेंद पर हासिल कर लिया।

पीएम मोदी ने किया पोस्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने टीम इंडिया की उपलब्धि पर गर्व जताया और खिलाड़ियों को उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने कहा,

"इंडियन क्रिकेट के लिए शानदार दिन! आज के शानदार परफॉर्मेंस और मेन्स U-19 एशिया कप 2026 जीतने के लिए हमारे युवा क्रिकेटरों पर बहुत गर्व है। उनकी सफलता कई युवाओं को प्रेरित करेगी। टीम को आगे की कोशिशों के लिए शुभकामनाएं।"

भारत की इस जीत के हीरो मोहित उल्वा रहे, जिन्होंने 10वें नंबर पर आकर 49 रन की नाबाद पारी खेली और भारत को मैच जिताया।

252 पर गंवा दिए थे 8 विकेट

338 रन के मुश्किल टारगेट का पीछा करते हुए, टीम इंडिया ने आखिरी ओवर में 339 रन बनाए, जिसमें मोहित उल्वा के नाबाद 49 रन ने अहम भूमिका निभाई। जब भारत का स्कोर 252/8 था, तब 10वें नंबर पर आकर उल्वा ने मनाल चौहान के साथ 57 रन की अहम पार्टनरशिप की, जिन्होंने 32 गेंदों पर 47 रन बनाए, और फिर चिगुरुपति वेंकट के साथ नाबाद 30 रन की पार्टनरशिप करके जीत पक्की की।

इससे पहले, पाकिस्तान ने तय 50 ओवर में 337/9 रन बनाए, जिसमें उस्मान खान के 111 गेंदों पर 107 रन, अब्दुल कादिर के 54 गेंदों पर 80 रन और कप्तान फरहान यूसुफ के 60 गेंदों पर 63 रन शामिल थे।

ये भी पढ़ें- कौन हैं पाकिस्तान की बैंड बजाने वाले मोहित उल्वा? रवींद्र जडेजा से है खास रिश्ता