वॉशिंगटन: अमेरिका में एक ICE अधिकारी पर 21 वर्षीय लेबनानी महिला ने यौन शोषण और ग्रीन कार्ड का लालच देकर यौन संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि अधिकारी ने उसके पति को जेल भेजने और अमेरिका से निर्वासित कराने की धमकी भी दी। हालांकि, अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) ने इन आरोपों को झूठा बताया है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, महिला की पहचान रहाफ अली अलमेर्हिज उर्फ लूसी वाइज के रूप में हुई है। उसने टेक्सास के एल वाले डिटेंशन सेंटर में तैनात ICE अधिकारी मार्केल वॉलेस पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

'मैं तुम्हें ग्रीन कार्ड दिला सकता हूं'

महिला के मुताबिक, अधिकारी ने आव्रजन मामले पर बातचीत के बहाने उसे एक सुनसान कमरे में बुलाया और उसके साथ जबरदस्ती की। महिला ने अपने हलफनामे में दावा किया कि उसने अधिकारी को रोकने और ऐसा करने से मना करने की कोशिश की, लेकिन उसने उसकी बात नहीं मानी।

उसका आरोप है कि अधिकारी ने कहा, 'मैं तुम्हें ग्रीन कार्ड दिला सकता हूं। तुम्हारा पति बूढ़ा है और तुम्हारे लिए कुछ नहीं कर सकता।' महिला ने यह भी दावा किया कि अधिकारी ने उसे अपना फोन नंबर दिया और मैक्सिको आने की पेशकश की।

पति को कई महीने बाद बताई आपबीती

महिला के पति सैम वाइज को इस कथित घटना की जानकारी अगस्त के आखिर में मिली। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी डर और शर्मिंदगी के कारण कई महीनों तक चुप रही।

सैम ने कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि उनकी पत्नी को यह सब अकेले सहना पड़ा। उन्होंने कहा कि शर्मिंदगी की जिम्मेदारी पीड़िता की नहीं, बल्कि कथित आरोपी की है।

फिलहाल मैक्सिको में रह रही महिला

रिपोर्ट के अनुसार, महिला को फरवरी 2026 में रियो ग्रांडे वैली के पास गिरफ्तार किया गया था। 1 मई को उसे स्वैच्छिक रूप से अमेरिका छोड़ने की अनुमति मिली। फिलहाल वह मैक्सिको में रह रही है, जबकि उसका पति टेक्सास में रहता है।

DHS ने आरोपों को बताया झूठा

मामले पर अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग ने कहा कि एल वाले डिटेंशन सेंटर में कदाचार के आरोप झूठे हैं। विभाग के प्रवक्ता के मुताबिक, ऐसी शिकायतों की गंभीरता से जांच की जाती है और आरोप साबित होने पर उचित कार्रवाई होती है।

फिलहाल महिला के आरोपों और अमेरिकी अधिकारियों के इनकार के बीच मामले की सच्चाई जांच का विषय बनी हुई है।

 यह भी पढ़ें: कैंसर से उबरने के बाद भारत आएंगी केट मिडलटन, प्रिंस विलियम के साथ मुंबई में होंगी शामिल