ODI World Cup 2027: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए टीम इंडिया ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होने वाली इस प्रतियोगिता के लिए टीम इंडिया तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर की तलाश कर रही है और वह तलाश हार्दिक पंड्या और नीतीश कुमार रेड्डी पर जाकर समाप्त हो सकती है।

टूर्नामेंट से पहले भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने एक बयान दिया है, जिसके बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि ये दोनों हरफनमौला खिलाड़ी एक साथ प्लेइंग इलेवन में खेलते नजर आ सकते हैं।

गंभीर ने दिया बड़ा बयान

अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप करने के बाद हेड कोच गौतम गंभीर ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया,

“हम जानते हैं कि एक साल बाद जब हम दक्षिण अफ्रीका में वनडे वर्ल्ड कप खेलने जाएंगे, तब सीम बॉलिंग ऑलराउंडरों की कितनी अहमियत होगी। हार्दिक की वापसी से स्थिति और भी बेहतर हो जाएगी। कई बार तो हमें प्लेइंग इलेवन में हार्दिक और नीतीश दोनों को खिलाने का मौका भी मिल सकता है।”

मुख्य कोच के इस बयान से साफ हो गया है कि रेड्डी भी विश्व कप के लिए भारतीय टीम का हिस्सा बन सकते हैं।

एशियन गेम्स 2026 से किया बाहर

दाएं हाथ के सीम बॉलिंग ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी का चयन पहले एशियन गेम्स 2026 के लिए किया गया था लेकिन बाद में उनको वहां से हटाकर वेस्टइंडीज के विरुद्ध वनडे सीरीज खेलने को कहा गया। बीसीसीआई ने स्क्वाड घोषित करते समय कहा,

‘’नीतीश कुमार रेड्डी, जिन्हें मूल रूप से एशियाई खेलों की टीम में शामिल किया गया था, अब टीम से बाहर हो गए हैं और वेस्ट इंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलेंगे।’’ वहीं, टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने रेड्डी के वनडे सीरीज खेलने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा,

‘’नीतीश के नजरिए से देखें तो यह वास्तव में बहुत अच्छी बात है कि उन्हें टी20 फॉर्मेट से हटा दिया गया है और उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलने का मौका मिलेगा।"

एक साथ खेलेंगे हर्षित-हार्दिक-नीतीश?

अब सवाल ये है कि क्या टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर एक साथ तीन तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर खिलाने पर विचार कर रहे हैं, क्योंकि हार्दिक पंड्या अगर टूर्नामेंट तक फिट होते हैं तो उनका खेलना पक्का है।

वहीं, रेड्डी के नाम पर भी विचार किया जा रहा है। इन दो के अलावा हर्षित राणा भी वनडे वर्ल्ड कप के लिए साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की फ्लाइट में बैठ सकते हैं।

ऐसे में अगर ये तीनों खिलाड़ी पूरी तरह से फिट होते हैं तो इसमें कोई हैरानी नहीं होगी अगर ये तीनों एक साथ प्लेइंग इलेवन में खेलते नजर आएं। आपको बता दें कि, हर्षित भी निचले क्रम में आकर बड़े हिट्स लगाने की काबिलियत रखते हैं।

ये भी पढ़ें- अजीत अगरकर का अगर नहीं बढ़ता कार्यकाल, तो यह विकेटकीपर बन सकता है नया चीफ सेलेक्टर