Border-Gavaskar Trophy: पिछले 12 महीनों में यह दूसरी बार है जब ऑस्ट्रेलिया ए टीम अगले साल जनवरी में शुरू होने वाली हाई-प्रोफाइल पांच टेस्ट मैचों की बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी श्रृंखला की तैयारी के लिए भारत का दौरा कर रही है, और कोच टिम पेन का कहना है कि यह अनुभव "अगली पीढ़ी के लिए वास्तव में महत्वपूर्ण है।"
मजबूत ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ टीम इंडिया ए की अगुवाई देवदत्त पडिक्कल करेंगे। मंगलवार से शुरू होने वाले दो चार दिवसीय रेड बॉल मैच पुडुचेरी के तटीय शहर में स्थित सीएपी-सीचेम स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसके बाद तीन वनडे मैच खेले जाएंगे।
युवा खिलाड़ियों को सीखने का मौका मिलेगा- पेन
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान टिम पेन ने खिलाड़ियों के अभ्यास के बाद कहा,
"यह बहुत महत्वपूर्ण है। जाहिर है, बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी जल्द ही शुरू होने वाली है, इसलिए हमने इसकी योजना कुछ वर्षों से बना रखी थी।ऐसे में क्रिकेटरों की अगली पीढ़ी को भारत की परिस्थितियों को देखने, समझने और खेलने का तरीका जानने का मौका देना वास्तव में महत्वपूर्ण है।"
आपको बता दें कि, साल 2020-21 में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को ऑस्ट्रेलिया में हराकर बॉर्डर-गावस्कर सीरीज जीती थी, जिसमें कंगारुओं की कमान टिम पेन ही संभाल रहे थे।
2004-05 में जीती थी आखिरी टेस्ट सीरीज
ऑस्ट्रेलिया का रेड बॉल में प्रदर्शन भारतीय सरजमीं पर कुछ खास नहीं रहा है। उन्होंने भारत में आखिरी टेस्ट सीरीज 2004-05 में जीती थी। इसके बाद उन्होंने भारत में टेस्ट सीरीज में कब्जा नहीं किया है। यही वजह है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया भी अपने खिलाड़ियों को भारत भेज रहा है, ताकि वह यहां की परिस्थितियों को समझ सके।
ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज पीटर हैंड्सकॉम्ब, जिन्होंने 2023 में ऑस्ट्रेलिया के पिछले भारत दौरे पर सभी चार टेस्ट मैच खेले थे, इस ऑस्ट्रेलिया ए टीम में सबसे उम्रदराज और सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं, जबकि जोश फिलिप, सैम कॉन्स्टास, नाथन मैकस्वीनी और टॉड मर्फी जैसे कुछ खिलाड़ी पिछले ए टीम के भारत दौरे का हिस्सा थे।
भारत में बल्लेबाजी करना कठिन-पेन
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और ऑस्ट्रेलिया ए के हेड कोच के तौर पर भारत आ रहे टिम पेन का मानना है कि भारत में टेस्ट क्रिकेट खेलना विदेशी बल्लेबाजों के लिए काफी कठिन चुनौती है। उन्होंने निष्कर्ष निकालते हुए कहा,
"मुझे लगता है कि पिछले एक दशक में टेस्ट क्रिकेट में विकेटों पर बल्लेबाजी करना मुश्किल हो गया है, क्योंकि अब पहले की तुलना में पिचें बहुत ज्यादा स्पिन होती हैं।"
आपको बता दें कि, पेन ने भारत में 2010 में 2 टेस्ट खेले थे, जिसकी 4 पारियों में उन्होंने 45.75 की औसत से 183 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से दो अर्धशतकीय पारियां निकलीं।