New Chief Selector: शुक्रवार को अचानक खबरें आईं कि अजीत अगरकर के बाद टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर पार्थिव पटेल को नया चीफ सेलेक्टर बनाया जा सकता है। इन अफवाहों ने सभी को चौंका कर रख दिया, क्योंकि पिछले कुछ समय से चर्चाएं चल रही थीं कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) अगरकर के कार्यकाल को आगे बढ़ाने के मूड में नहीं है।

हालांकि, कुछ सूत्रों ने यह भी बताया कि, अजीत अगरकर के कार्यकाल को अगले साल वनडे वर्ल्ड कप 2027 तक बढ़ाया जा सकता है, लेकिन इसी बीच पार्थिव पटेल का नाम नए चीफ सेलेक्टर के तौर पर सामने आने लगा है।

क्या जाएगी अजीत अगरकर की कुर्सी?

भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज अजीत अगरकर को जुलाई 2023 में टीम इंडिया का नया चीफ सेलेक्टर नियुक्त किया गया था। उनका कार्यकाल अक्टूबर 2026 तक है और खबरें थीं कि अगरकर के कार्यकाल को वनडे वर्ल्ड कप 2027 तक बढ़ाया जा सकता है।

हालांकि, इसी बीच रोहित शर्मा और चयन समिति के बीच मतभेद भी देखने को मिला था।  अजीत अगरकर की अगुवाई वाली मुख्य चयन समिति रोहित को इंग्लैंड दौरे के बाद मौके देने के पक्ष में नहीं थी तो बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया इसके उलट रोहित शर्मा को आगे खिलाने की बात कह चुके थे। 

रोहित-अगरकर के बीच विवाद!

कुछ रिपोर्ट्स में यह बताया गया कि शायद अजीत अगरकर ने पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को सूचित किया था कि वह आगामी प्लान में फिट नहीं बैठ रहे हैं। इसके बाद रोहित ने लॉर्ड्स में शतक ठोका और फिर बीसीसीआई सचिव ने आकर कहा कि रोहित अच्छा खेल रहे हैं और उनको लेकर अफवाह उड़ाने की जरूरत नहीं है।

आपको बता दें कि, वह अजीत अगरकर ही थे, जिनकी वजह से रोहित शर्मा को वनडे कप्तानी से हटाकर शुभमन गिल को नया वनडे कप्तान बनाया गया था।

जबकि उस समय टीम इंडिया ने रोहित की कप्तानी में चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के खिताब पर कब्जा किया था। लेकिन, इस प्रदर्शन के बावजूद अगरकर रोहित को वनडे टीम से हटाकर उनकी जगह युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को खिलाना चाहते थे।

बैठक का हिस्सा नहीं बने थे अगरकर

3 सितंबर को बीसीसीआई ने मुंबई में एक रिव्यू मीटिंग का आयोजन किया था, जिसमें हेड कोच गौतम गंभीर, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण, बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया, कोषाध्यक्ष प्रभतेज सिंह भाटिया और अंतरिम चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (सीईओ) हेमांग अमीन भी मौजूद थे।

साथ ही इस बैठक में वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल और टी20 कैप्टन श्रेयस अय्यर भी शामिल हुए थे लेकिन मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर इस बैठक का हिस्सा नहीं बने थे।

सैकिया ने बैठक के बाद मीडिया को जानकारी दी कि वह आउट ऑफ स्टेशन थे और इसकी वजह से इस मीटिंग का हिस्सा नहीं बन सके। इसके बाद अफवाहों का बाजार गर्म हो चुका था कि अजीत अगरकर की कुर्सी जाने वाली है।

अब पार्थिव पटेल का नाम आया सामने

टाइम्स ऑफ इंडिया की हालिया रिपोर्ट्स की माने तो नए मुख्य चयनकर्ता के लिए पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव के नाम पर पिछले छह महीने से विचार किया जा रहा है। पार्थिव शीर्ष पद के संभावित उत्तराधिकारी के रूप में सर्वसम्मति से चुने जाने की दौड़ में सबसे आगे हैं। 18 सितंबर को आयोजित 95वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) में मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के कार्यकाल को बढ़ाने पर कोई फैसला नहीं लिया गया है।

हालांकि, इस बैठक में बोर्ड की सदस्य इकाइयों ने वरिष्ठ पुरुष चयन समिति के भविष्य और अगरकर के अनुबंध पर अंतिम निर्णय लेने का पूरा अधिकार बीसीसीआई के पदाधिकारियों को सौंप दिया है। ऐसे में अगर अजीत अगरकर के नाम पर सहमति नहीं बनती है तो पार्थिव पटेल भारतीय पुरुष टीम के अगले मुख्य चयनकर्ता बन सकते हैं।

ये भी पढ़ें- 20 साल के बल्लेबाज ने बजाई जिम्बाब्वे की बैंड, 227 के स्ट्राइक रेट से कूटे इतने रन, हक्के-बक्के रह गए गेंदबाज