Varanasi News: वाराणसी के रोहनिया क्षेत्र में शुक्रवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब निजी मेडिकल कॉलेज के पास पेट्रोल पंप से एक युवती के अपहरण की सूचना पुलिस को मिली। मौके से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने वाहन की पहचान कर उसके मालिक से संपर्क किया। इसके बाद युवती के परिजनों से जानकारी ली गई तो मामला कुछ और ही निकला। पुलिस के मुताबिक, युवती को कोई बाहरी व्यक्ति अगवा करके नहीं ले गया था, बल्कि उसके परिजन ही उसे कार से घर लेकर आए थे।

स्कॉर्पियो में युवती को ले जाने का वीडियो हुआ वायरल

मामला रोहनिया के भदवर स्थित निजी मेडिकल कॉलेज के पास एचपी पेट्रोल पंप का है। शुक्रवार रात कुछ लोगों ने एक युवती को जबरदस्ती स्कॉर्पियो में बैठाए जाने का वीडियो बनाया। वीडियो सामने आने के बाद युवती के अपहरण की आशंका जताई गई और पुलिस को इसकी सूचना दी गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए रोहनिया पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रही गाड़ी की जानकारी जुटानी शुरू की।

वाहन नंबर से पुलिस ने परिजनों तक पहुंच बनाई

एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहे वाहन के नंबर के आधार पर पुलिस ने ई-चालान ऐप से वाहन स्वामी की जानकारी निकाली।जांच में वाहन का संबंध चंदौली के बबुरी क्षेत्र से सामने आया। इसके बाद पुलिस ने वाहन स्वामी के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया और युवती के पिता से भी बात की।पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी किसी बात को लेकर नाराज थी और घर लौटने के लिए तैयार नहीं थी। वह अपने एक दोस्त के साथ घूम रही थी। इसके बाद परिजन अपनी कार से उसे घर लेकर आए।

युवती ने फोन पर पुलिस को बताया- मैं सुरक्षित हूं

पुलिस ने युवती से भी फोन पर बात कर पूरे मामले की पुष्टि की। युवती ने बताया कि वह अपने घर पर परिजनों के साथ सुरक्षित है और उसे किसी तरह की परेशानी नहीं है।इस बातचीत के बाद पुलिस को स्पष्ट हुआ कि वायरल वीडियो के आधार पर जिस अपहरण की आशंका जताई जा रही थी, उसमें युवती को उसके परिजन ही अपने साथ घर ले गए थे।फिलहाल पुलिस की जांच में युवती के अपहरण की पुष्टि नहीं हुई है। मामले में वायरल वीडियो के कारण पैदा हुई स्थिति की पुलिस ने जांच कर वास्तविकता सामने रखी है।