Cost of Living in America: भारत में ज्यादातर लोगों का सपना होता है कि उन्हें अमेरिका जैसे देश में अच्छी नौकरी और लाखों रुपये की सैलरी मिले। आमतौर पर माना जाता है कि विदेश में मोटी कमाई करने वाले लोग आर्थिक रूप से काफी मजबूत होते हैं। लेकिन अमेरिका में रहने वाली एक भारतीय महिला की कहानी इस सोच को बदल रही है। महिला हर महीने करीब 7.5 लाख रुपये कमाती हैं, लेकिन तमाम खर्चों के बाद उनके पास बचत के नाम पर केवल करीब 94 हजार रुपये ही बचते हैं।
सोशल मीडिया पर शेयर किया बहन का बजट
दरअसल, भारतीय मूल के नितिन मल्होत्रा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें उनकी बहन महिमा राठी अमेरिका में अपनी कमाई और मासिक खर्चों का पूरा हिसाब बताती नजर आती हैं। महिमा के मुताबिक, उनकी मासिक आय करीब 8,000 डॉलर यानी लगभग 7.5 लाख रुपये है। इतनी अच्छी कमाई के बावजूद वह खुद को मिडिल क्लास मानती हैं।
टैक्स से लेकर बच्चों तक पर होता है लाखों का खर्च
महिमा ने बताया कि उनकी सैलरी का बड़ा हिस्सा जरूरी खर्चों में चला जाता है। हर महीने करीब 1,500 डॉलर टैक्स, 2,500 डॉलर घर की मॉर्गेज और 1,000 डॉलर खाने-पीने पर खर्च होते हैं। इसके अलावा मेडिकल खर्चों पर 500 डॉलर, कार पर 500 डॉलर और फोन-इंटरनेट जैसे बिलों पर भी 500 डॉलर खर्च होते हैं।
View this post on Instagram
बच्चों की जरूरतों के लिए 300 डॉलर और अन्य छोटे-मोटे खर्चों के लिए 200 डॉलर रखने पड़ते हैं। इस तरह कुल मासिक खर्च करीब 7,000 डॉलर पहुंच जाता है। इसके बाद उनके पास लगभग 1,000 डॉलर यानी करीब 94 हजार रुपये बचते हैं। इसमें उनके निजी खर्च शामिल नहीं हैं।
भारत में होती थी ज्यादा बचत
महिमा ने बताया कि जब वह भारत में रहती थीं, तब उनकी सालाना कमाई करीब 15 लाख रुपये थी। इसके बावजूद वह अपनी आमदनी का ज्यादा हिस्सा बचा पाती थीं। उनकी यह तुलना बताती है कि केवल सैलरी देखकर किसी की आर्थिक स्थिति का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स के बीच बहस शुरू हो गई है। कुछ लोगों का मानना है कि अमेरिका में बेहतर सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए ज्यादा खर्च करना पड़ता है। वहीं, कई यूजर्स का कहना है कि भारत में अच्छी नौकरी मिलने पर कम खर्च में बेहतर बचत संभव है। कुल मिलाकर, यह कहानी बताती है कि बड़ी सैलरी के साथ-साथ उस देश में रहने की लागत समझना भी बेहद जरूरी है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण के बीच बाहर जा रहे हैं? ये 5 चीजें आएंगी काम!