बेंगलुरु से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है। एक ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी का डिलीवरी एजेंट पार्सल पहुंचाने के बहाने एक महिला के घर पहुंचा और वहां ऐसी हरकत की, जिसने इलाके के लोगों और सोशल मीडिया पर आक्रोश पैदा कर दिया।

महिला की मना करने के बावजूद घर में घुसा

पीड़ित महिला के अनुसार, डिलीवरी एजेंट ने पार्सल देने के बाद वॉशरूम इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी। महिला ने उसे साफ शब्दों में मना कर दिया और सुझाव दिया कि वह आसपास किसी सार्वजनिक स्थान या पड़ोस से मदद ले सकता है। इसके बावजूद आरोपी ने महिला की बात नहीं मानी। उसने अपने जूते-चप्पल उतारे और जबरन फ्लैट के भीतर प्रवेश कर गया। इस दौरान महिला अकेली थी और खुद को असुरक्षित महसूस करने लगी। एहतियात के तौर पर उसने अपने मोबाइल का कैमरा चालू कर लिया और घर का मुख्य दरवाजा खुला रखते हुए बाहर की ओर खड़ी रही, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद के लिए आवाज लगा सके।

वॉशरूम से लौटकर की अशोभनीय हरकत

महिला का कहना है कि वॉशरूम से बाहर आने के बाद डिलीवरी एजेंट ने उसके सामने बेहद अश्लील और आपत्तिजनक व्यवहार किया। इस घटना से वह गहरे सदमे में आ गई और अपने ही घर में खुद को असुरक्षित महसूस करने लगी। महिला ने सोशल मीडिया पर लिखा कि किसी महिला के "ना" कहने के बाद उसकी इच्छा का सम्मान किया जाना चाहिए और किसी को भी उसकी निजी सीमा का उल्लंघन करने का अधिकार नहीं है।

कार्रवाई की मांग तेज

घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पीड़िता ने बेंगलुरु पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। कई यूजर्स का कहना है कि ई-कॉमर्स कंपनियों को अपने डिलीवरी कर्मचारियों का बैकग्राउंड वेरिफिकेशन और निगरानी व्यवस्था और अधिक मजबूत करनी चाहिए। लोगों का मानना है कि यदि महिलाएं अपने घर में भी सुरक्षित महसूस नहीं करेंगी, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। सोशल मीडिया पर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग लगातार उठ रही है।

 

Written By Toshi Shah