लिविंग रूम घर का वह हिस्सा होता है जहां सबसे ज्यादा समय बिताया जाता है। यह जितना आरामदायक और आकर्षक होगा, उतना ही आपका घर सुंदर और प्रभावशाली लगेगा। हर कोई चाहता है कि उसका घर सबसे अलग और क्लासी दिखे—चाहे बच्चों के साथ समय बिताना हो या दोस्तों के साथ बैठकर कॉफी का आनंद लेना हो। असल में, लिविंग रूम हमारी कई जरूरतों को पूरा करता है, लेकिन इसी वजह से कभी-कभी यह साधारण या बोरिंग लगने लगता है, अगर कुछ खास बातों का ध्यान रखा जाए तो छोटे से छोटे कमरे को भी स्टाइलिश बनाया जा सकता है।

सही रंगों का चयन करें

घर को नया और आकर्षक लुक देने में रंगों की अहम भूमिका होती है। आप ऑफ-पेस्टल, सफेद या बेज जैसे क्लासिक रंग चुन सकते हैं। इसके अलावा कुछ हटकर विकल्प जैसे ऑलिव ग्रीन, डार्क ब्राउन, नेवी ब्लू या मेरून भी आपके लिविंग रूम को ट्रेंडी बना सकते हैं।

दीवारों पर आईना लगाएं

सजावट के लिए शीशा एक बेहतरीन विकल्प है। यह न केवल कमरे को बड़ा दिखाता है बल्कि रोशनी को भी बेहतर तरीके से फैलाता है। अगर दरवाजे के पास बड़ा आईना लगाया जाए, तो पूरा कमरा ज्यादा खुला और उज्ज्वल लगता है।

मल्टीफंक्शनल फर्नीचर चुनें

भारी और जगह घेरने वाले फर्नीचर के बजाय ऐसे विकल्प चुनें जो एक से अधिक काम करें। जैसे स्टोरेज वाला सोफा या टेबल जिसमें किताबें रखी जा सकें। साथ ही, एंटीक या पुरानी चीजों का इस्तेमाल करने से कमरे को एक अलग और आकर्षक विंटेज लुक मिलता है।

घर के अंदर पौधे लगाएं

सिर्फ बाहर ही नहीं, बल्कि लिविंग रूम के अंदर भी पौधे रखने से माहौल ताजगी से भर जाता है। स्नेक प्लांट, रबर प्लांट, सक्युलेंट्स और एरिका पाम जैसे पौधे कम देखभाल में भी अच्छे रहते हैं और कमरे की खूबसूरती बढ़ाते हैं।

हल्के कपड़ों का करें इस्तेमाल

कालीन और पर्दों के लिए भारी कपड़ों के बजाय हल्के और हवादार फैब्रिक चुनें। लंबे पर्दे लगाने से कमरे में रोशनी और हवा का प्रवाह बना रहता है, जिससे जगह ज्यादा खुली और सुकून भरी लगती है।

 Written By Toshi Shah