सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक कर्मचारी अपनी सैलरी को लेकर कंपनी के HR से सवाल पूछता नजर आ रहा है। कर्मचारी का दावा है कि उसे हर महीने 13 हजार रुपये सैलरी देने का वादा किया गया था, लेकिन एक महीने से ज्यादा काम करने के बाद उसके बैंक खाते में सिर्फ 3800 रुपये आए। इसके बाद उसने ऑफिस में ही जवाब मांगा और पूरी बातचीत का वीडियो बना लिया। जो अब इंटरनेट तेजी से वायरल हो रहा है। कर्मचारी ने HR से पूछा, मेरी पूरी सैलरी क्यों नहीं आई।

दिल्ली के मोती नगर से सामने आया वीडियो

वायरल वीडियो में कर्मचारी बार-बार पूछता है, "मेरी पूरी सैलरी क्यों नहीं आई।" बताया जा रहा है कि यह मामला दिल्ली के मोती नगर स्थित एक निजी कंपनी का है। वीडियो की शुरुआत में कर्मचारी HR से बात करता है, लेकिन HR कैमरा बंद करने के लिए कहती हैं। कर्मचारी का दावा है कि जब उसने पहले इस बारे में शिकायत की थी, तब उसे जवाब मिला कि "अब कुछ नहीं हो सकता।" इसके बाद HR वहां से चली जाती हैं।

दूसरे कर्मचारी ने समझाने की कोशिश की

वीडियो के अंत में एक अन्य कर्मचारी बातचीत करता दिखाई देता है। वह कहता है कि सैलरी से जुड़े फैसले सिर्फ HR नहीं करती, इस मामले में दूसरे विभाग भी शामिल होते हैं। वह कर्मचारी से शांत रहने और सही तरीके से बात करने की सलाह देता है। लेकिन वीडियो बना रहा कर्मचारी कहता है कि वह दोपहर 1 बजे से इंतजार कर रहा है और उसे अब तक कोई साफ जवाब नहीं मिला। वह लगातार यह जानना चाहता है कि वादा की गई सैलरी से इतने कम पैसे उसके खाते में क्यों आए।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने इस मामले पर अपनी-अपनी राय देनी शुरू कर दी। कई लोगों का मानना है कि यदि किसी कर्मचारी के खाते में तय सैलरी से कम रकम पहुंचती है, तो कंपनी की ओर से इसकी वजह स्पष्ट की जानी चाहिए। दूसरी ओर, कुछ यूजर्स ने कहा कि वेतन से जुड़े फैसले सिर्फ HR नहीं लेता, बल्कि इसमें अकाउंट्स और अन्य विभाग भी शामिल होते  हैं। ऐसे में पूरे मामले का जिम्मेदार केवल HR को ठहराना सही नहीं होगा। फिलहाल यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से शेयर किया जा रहा है और इस पर लगातार चर्चा जारी है। हालांकि, वीडियो में किए गए दावों और इस घटना की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

 

Written By: Archana Gupta