भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग लगातार बढ़ रही है और लगभग सभी प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनियां अपने नए EV मॉडल पेश करने की तैयारी में हैं। इसी क्रम में Kia की आगामी Syros EV को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। हालांकि कंपनी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इसके फीचर्स और स्पेसिफिकेशन की पुष्टि नहीं की है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह इलेक्ट्रिक SUV लंबी ड्राइविंग रेंज, दमदार बैटरी और प्रीमियम फीचर्स के साथ बाजार में दस्तक दे सकती है।

दो बैटरी पैक के साथ मिल सकती है बेहतर रेंज

रिपोर्ट्स के मुताबिक, Kia Syros EV को दो बैटरी विकल्पों में पेश किया जा सकता है। पहला 42kWh बैटरी पैक होगा, जिससे एक बार फुल चार्ज करने पर लगभग 443 किलोमीटर तक की ड्राइविंग रेंज मिलने की संभावना है। वहीं दूसरा 51.4kWh बैटरी पैक हो सकता है, जिसकी अनुमानित रेंज करीब 520 किलोमीटर बताई जा रही है। माना जा रहा है कि यही बैटरी तकनीक Kia Carens Clavis EV और Hyundai Creta Electric में भी इस्तेमाल की जा सकती है। हालांकि Syros EV का वजन मुकाबले कम होने के कारण इसकी रेंज अधिक मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

बैटरी वारंटी बन सकती है सबसे बड़ा आकर्षण

Kia Syros EV की सबसे चर्चित संभावित खूबियों में इसकी बैटरी वारंटी शामिल है। रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी इस इलेक्ट्रिक SUV के साथ 15 साल या लाइफटाइम बैटरी वारंटी देने पर विचार कर रही है। यदि यह दावा सही साबित होता है, तो ग्राहकों को लंबे समय तक बैटरी की चिंता से राहत मिल सकती है और यह फीचर भारतीय EV बाजार में Kia को अलग पहचान दिला सकता है। फिलहाल कंपनी ने इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

प्रीमियम फीचर्स से होगी लैस

फीचर्स के मामले में भी Kia Syros EV को काफी आधुनिक बनाया जा सकता है। इसमें लेवल-2 ADAS, 360 डिग्री कैमरा, बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड सीट्स, वायरलेस फोन चार्जिंग और Vehicle-to-Load (V2L) जैसी सुविधाएं मिलने की संभावना है। इसके अलावा इलेक्ट्रिक मॉडल में बंद फ्रंट ग्रिल, नए डिजाइन के एयरोडायनामिक अलॉय व्हील्स और कुछ कॉस्मेटिक बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं, जो इसे स्टाइलिश लुक देंगे।

संभावित कीमत और मुकाबला

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार Kia Syros EV की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 15 लाख रुपये हो सकती है, जबकि इसके टॉप वेरिएंट की कीमत लगभग 20 लाख रुपये तक जाने की संभावना है। लॉन्च के बाद इसका मुकाबला Tata Nexon EV, Mahindra XUV 3XO EV, MG Windsor EV और अन्य कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक SUVs से होगा। यदि कंपनी लीक हुई इन संभावित खूबियों के साथ इस मॉडल को पेश करती है, तो यह भारतीय इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में मजबूत प्रतिस्पर्धी साबित हो सकती है।

 

 

 

Written By Toshi Shah