LPG Price: केंद्र सरकार ने देश में LPG और कच्चे तेल की उपलब्धता को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि फिलहाल किसी भी प्रकार की कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह नियंत्रण में है। पेट्रोलियम मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने जानकारी दी कि देश में पर्याप्त मात्रा में कच्चे तेल का भंडार मौजूद है और घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी की आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है।
LPG में कोई कमी नहीं
सरकार के अनुसार, देशभर में LPG वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही है। किसी भी डिस्ट्रीब्यूटर स्तर पर कमी की कोई शिकायत सामने नहीं आई है। हाल ही में एक दिन में करीब 50 लाख LPG सिलेंडर की बुकिंग दर्ज की गई थी, जिसमें लगभग 93 प्रतिशत डिलीवरी सुनिश्चित की गई। इसके अलावा, LPG बुकिंग प्रक्रिया में डिजिटल माध्यम का उपयोग तेजी से बढ़ा है और अब लगभग 98 प्रतिशत बुकिंग ऑनलाइन की जा रही है।
कहीं भी बाधा की स्थिति नहीं: सरकार
सप्लाई चेन को लेकर भी सरकार ने स्थिति स्पष्ट की है। शिपिंग मंत्रालय के अनुसार देश के सभी प्रमुख बंदरगाह सामान्य रूप से काम कर रहे हैं और कहीं भी बाधा की स्थिति नहीं है। इससे आयात-निर्यात और ईंधन आपूर्ति पर कोई असर नहीं पड़ा है।
सरकार ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी की स्थिति साफ
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के मोर्चे पर भी स्थिति सामान्य बनी हुई है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक 28 फरवरी से अब तक लगभग 10.38 लाख यात्री भारत लौट चुके हैं। यूएई से करीब 100 उड़ानों के संचालन की उम्मीद है, जबकि सऊदी अरब, ओमान और कुवैत से नियमित उड़ानें जारी हैं। कतर से सीमित उड़ानें संचालित हो रही हैं और बहरीन से भी जल्द सेवाएं शुरू होने की संभावना है।
आम जनता को भी तरिके की परेशान नहीं होगी
सरकार ने स्पष्ट किया है कि LPG, कच्चे तेल, बंदरगाह संचालन और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से जुड़ी स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आम जनता को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
Written By: Geeta Sharma