Share Market: भारतीय शेयर बाजार के लिए आज का दिन बेहद अहम रहा। मिडिल ईस्ट में चल रही तनाव के बीच विदेशी बाजारों में सेंसेक्स और निफ्टी ने बढ़त के साथ सत्र की शुरुआत की। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 565.18 अंक की बढ़त के साथ 78,676.42 के स्तर पर खुला। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 156.20 अंक उछलकर 24,387.50 के स्तर पर पहुंच गया।
बाजार में दिखी हरियाली
शुरुआती कारोबार में बाजार का एडवांस-डिक्लाइन रेशियो काफी मजबूत रहा। लगभग 2,530 शेयरों में तेजी देखी गई, जबकि 487 शेयरों में गिरावट आई। हालांकि108 शेयर अपने पुराने स्तर पर ही बने रहे। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि बाजार में खरीदारी काफी अच्छा रहा।
IT और मेटल में आई चमक
सभी सेक्टोरल इंडेक्स 'हरे निशान' यानी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। IT, रियल्टी, मेटल और मीडिया सेक्टर में सबसे ज्यादा रौनक है और ये सभी 1% की बढ़त के साथ ट्रेड कर रहे हैं। बता दें, निफ्टी पर बढ़त बनाने वाले प्रमुख शेयरों में इंफोसिस, बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा शामिल रहे। दूसरी तरफ गिरावट वाले शेयर की बात करें तो ONGC,नेस्ले और अल्ट्राटेक सीमेंट जैसे शेयरों में सुस्ती देखी गई।
इन कंपनियों पर रहेगी नजर
कॉरपोरेट जगत के लिए गुरुवार का दिन काफी अहम है, क्योंकि कई दिग्गज कंपनियां अपने तिमाही नतीजों की घोषणा करने वाली हैं। इनमें Wipro, HDFC Life Insurance, HDFC AMC, Angel One, CRISIL जैसे नाम शामिल हैं।
निवेशकों के लिए क्या है संकेत?
जानकारों के अनुसार अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की उम्मीद ने वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में इजाफा होने से रोका है। हालांकि, तिमाही नतीजों के चलते व्यक्तिगत शेयरों में काफी उतार-चढ़ाव देखा जा सकता है।
Written By: Geeta Sharma