हाल ही में Hyundai ने अपने नए Boulder कॉन्सेप्ट से पर्दा उठाया है, जो एक मजबूत और दमदार ऑफ-रोड SUV की झलक पेश करता है। कंपनी पहले ही संकेत दे चुकी थी कि वह भारत के लिए नई गाड़ियों के साथ एक ऑफ-रोडर पर भी काम कर रही है। ऐसे में Boulder कॉन्सेप्ट को उसी दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। हालांकि यह कॉन्सेप्ट फिलहाल अमेरिकी बाजार के लिए तैयार किया गया है, लेकिन इसका डिजाइन भारत जैसे देशों के लिए भी काफी प्रासंगिक हो सकता है।
जानिए डिजाइन और प्लेटफॉर्म के बारे में
Hyundai Boulder को लैडर-फ्रेम प्लेटफॉर्म पर विकसित किया गया है, जो ऑफ-रोडिंग के लिए बेहद मजबूत और टिकाऊ माना जाता है। इसी तरह का प्लेटफॉर्म कई लोकप्रिय ऑफ-रोड SUVs में इस्तेमाल होता है। इसका लुक पूरी तरह बॉक्सी रखा गया है, जो इसे एक रफ और टफ अपील देता है। साथ ही, इसमें हाई ग्राउंड क्लीयरेंस और चौड़ा बॉडी डिजाइन दिया गया है, जिससे यह खराब और ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर भी आसानी से चल सके। अगर यह SUV भारत में आती है, तो यह Hyundai की मौजूदा लाइनअप से बिल्कुल अलग नजर आएगी।
फीचर्स और इंटीरियर के बारे में जानिए
इस कॉन्सेप्ट SUV के इंटीरियर को भी खास तौर पर ऑफ-रोडिंग को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इसमें कई फिजिकल बटन दिए गए हैं, जो कठिन रास्तों पर ड्राइविंग के दौरान ज्यादा उपयोगी साबित होते हैं। आज जहां ज्यादातर गाड़ियां टचस्क्रीन पर निर्भर हो गई हैं, वहीं Hyundai ने व्यावहारिकता को प्राथमिकता दी है। इसके अलावा, इसमें 4WD (फोर-व्हील ड्राइव) सिस्टम मिलने की संभावना है, जिससे यह मुश्किल रास्तों पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेगी। केबिन को भी मजबूत और लंबे सफर के लिए आरामदायक बनाया जा सकता है।
भारत में लॉन्च को लेकर उम्मीद
फिलहाल कंपनी ने भारत में इसकी लॉन्चिंग को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि भविष्य में इसे भारतीय बाजार में पेश किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है, तो यह सीधे तौर पर Mahindra Thar Roxx जैसी गाड़ियों को कड़ी टक्कर दे सकती है। भारत में ऑफ-रोड SUVs की बढ़ती मांग को देखते हुए Hyundai का इस सेगमेंट में प्रवेश ग्राहकों के लिए एक नया और रोमांचक विकल्प साबित हो सकता है।
Written By Toshi Shah