एक दौर था जब भारत में संगीत सुनने के लिए ऑडियो कैसेट सबसे लोकप्रिय माध्यम हुआ करती थीं। लोग अपने पसंदीदा गानों की कैसेट खरीदकर वॉकमैन या टेप रिकॉर्डर में सुनते थे। लेकिन तकनीक के विकास के साथ पहले सीडी, फिर एमपी3 प्लेयर और बाद में स्मार्टफोन व ऑनलाइन म्यूजिक स्ट्रीमिंग सेवाओं ने बाजार पर कब्जा कर लिया। इसी कारण ऑडियो कैसेट धीरे-धीरे भारतीय बाजारों से लगभग गायब हो गईं।
भारतीय ट्रैवल व्लॉगर शेयर की वीडियो
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक भारतीय ट्रैवल व्लॉगर का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह अफगानिस्तान के एक स्थानीय बाजार का दौरा करता नजर आता है, जहां दुकानों में बड़ी संख्या में ऑडियो कैसेट बिक्री के लिए रखी हुई दिखाई देती हैं। इस दृश्य को देखकर व्लॉगर हैरानी जताते हुए कहता है कि भारत में अब ऐसी चीजें बहुत कम देखने को मिलती हैं, जबकि यहां ये आज भी आमतौर पर उपलब्ध हैं।
व्लॉगर अपने बचपन की यादों को किया साझा
वीडियो में व्लॉगर अपने बचपन की यादें साझा करते हुए बताता है कि उस समय लोग वॉकमैन में कैसेट लगाकर गाने सुना करते थे। वह दुकानों पर सजी विभिन्न कैसेटों को कैमरे में दिखाते हुए कहता है कि आज के समय में भारत में इन्हें देखना किसी दुर्लभ संग्रह या एंटीक वस्तु को देखने जैसा महसूस होता है।
कई हजार लोग देख चुके हैं वीडियो
इंस्टाग्राम पर साझा किए गए इस वीडियो को हजारों लोग देख चुके हैं और बड़ी संख्या में यूजर्स ने इसे पसंद भी किया है। अफगानिस्तान के बाजार का यह दृश्य खासतौर पर उन लोगों को भावुक कर रहा है, जिन्होंने 90 के दशक में कैसेट और वॉकमैन का दौर करीब से देखा था।
वीडियो पर यूजर्स ने दिए प्रतिक्रियाएं
वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी दिलचस्प हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि कैसेट और वॉकमैन उनके बचपन की यादों का अहम हिस्सा रहे हैं। कुछ लोगों ने उस समय को याद किया जब नई फिल्म या म्यूजिक एल्बम की कैसेट खरीदना एक खास अनुभव माना जाता था। वहीं कई अन्य यूजर्स का कहना है कि आधुनिक डिजिटल सुविधाओं के बावजूद कैसेट पर संगीत सुनने का आनंद और उसकी अलग पहचान आज भी बरकरार है।
Written By Toshi Shah