भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग लगातार बढ़ रही है और अब कमर्शियल सेगमेंट भी तेजी से इस दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में Tata Motors ने अपना नया इलेक्ट्रिक पिकअप Tata Intra EV लॉन्च किया है। यह वाहन खास तौर पर छोटे व्यापारियों और डिलीवरी से जुड़े कामों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, ताकि कम लागत में अधिक काम किया जा सके और पर्यावरण पर भी कम असर पड़े।

इतनी है कीमत

Tata Intra EV की एक्स-शोरूम कीमत 11.95 लाख रुपये रखी गई है। कंपनी के अनुसार यह पिकअप मजबूत, भरोसेमंद और रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए बेहद उपयोगी है। एक बार फुल चार्ज होने पर यह करीब 211 किलोमीटर तक चल सकती है, जो शहर और आसपास के कामों के लिए पर्याप्त मानी जाती है।

छोटे व्यवसाय के लिए फायदेमंद

लोडिंग क्षमता की बात करें तो यह वाहन लगभग 1750 किलोग्राम तक वजन उठा सकता है, जिससे यह छोटे व्यवसाय, ट्रांसपोर्ट और डिलीवरी के लिए एक दमदार विकल्प बनता है। इसमें दिया गया इलेक्ट्रिक मोटर अच्छा पावर आउटपुट और स्मूद ड्राइविंग अनुभव प्रदान करता है। साथ ही, इसमें फास्ट चार्जिंग सपोर्ट भी मिलता है, जिससे कम समय में बैटरी चार्ज की जा सकती है।

जानिए फीचर्स के बारे में

फीचर्स के मामले में भी यह पिकअप आधुनिक तकनीकों से लैस है। इसमें बेहतर सेफ्टी, स्मार्ट फीचर्स और आरामदायक ड्राइविंग अनुभव दिया गया है। वॉकथ्रू केबिन डिजाइन के कारण ड्राइवर को अधिक स्पेस मिलता है, और केबिन काफी कंफर्टेबल है। इसके अलावा, इसमें इलेक्ट्रिक पावर स्टीयरिंग भी दिया गया है।

जानिए बैटरी और परफॉर्मेंस के बारे में

बैटरी और परफॉर्मेंस की बात करें तो Tata Intra EV में 28.2 kWh का बैटरी पैक मिलता है, जो 211 किलोमीटर तक की सर्टिफाइड रेंज देता है। इसमें CCS2 चार्जिंग सॉकेट के साथ फास्ट चार्जिंग की सुविधा दी गई है, जिससे बैटरी 55 मिनट में 10% से 80% तक चार्ज हो जाती है। इसकी मोटर 96.5 bhp की पावर और 230 Nm का टॉर्क जनरेट करती है। कंपनी इस पर 6 साल या 2 लाख किलोमीटर तक की बैटरी वारंटी भी दे रही है।

कुल मिलाकर, Tata Intra EV को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह कम खर्च में ज्यादा काम करने वाला और इलेक्ट्रिक कमर्शियल सेगमेंट में एक मजबूत विकल्प साबित हो सके।

  Written By Toshi Shah