भारत में ऑटो मार्केट तेजी से बदल रहा है और खासतौर पर सब-4 मीटर रग्ड SUV सेगमेंट में नई हलचल देखने को मिल रही है। Tata Motors, Mahindra & Mahindra और Renault जैसी कंपनियां इस सेगमेंट में अपने नए मॉडल लाने की तैयारी कर रही हैं। इन गाड़ियों की लंबाई 4 मीटर से कम होगी, जिससे टैक्स में राहत मिलती है और कीमत भी ग्राहकों के लिए किफायती रहती है। ये SUVs खास तौर पर भारतीय सड़कों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही हैं—मजबूत बॉडी, ऊंचा ग्राउंड क्लीयरेंस और आरामदायक इंटीरियर इनके मुख्य आकर्षण होंगे, साथ ही, ये कंपनियों के लिए ज्यादा बिक्री और मुनाफा भी सुनिश्चित करती हैं।
जानिए Mahindra Vision S के बारे में
जानकारी के मुताबिक कंपनी Mahindra Vision S को 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत में लॉन्च किया जा सकता है। इसका डिजाइन बॉक्सी और रग्ड होगा, जिसमें चौकोर विंडो और मोटे पिलर दिए जाएंगे, जो इसे दमदार लुक देंगे। फीचर्स की बात करें तो इसमें पैनोरमिक सनरूफ, टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और कई एयरबैग मिल सकते हैं। सीटें फोल्डेबल होंगी, जिससे बूट स्पेस बढ़ाया जा सकेगा। इंजन विकल्प में 1.5 लीटर डीजल (संभवत Mahindra XUV 3XO से लिया गया), पेट्रोल और हाइब्रिड ऑप्शन मिल सकते हैं, साथ ही मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प भी रहेगा।
Tata Scarlet के बारे में
टाटा अपनी Tata Scarlet को ऐसे प्लेटफॉर्म पर तैयार करेगी जो पेट्रोल और इलेक्ट्रिक दोनों पावरट्रेन को सपोर्ट करेगा। इसमें 1.2 लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन जैसे विकल्प मिल सकते हैं। भविष्य में इसका इलेक्ट्रिक वर्जन भी आ सकता है, जिसमें ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) मिलने की संभावना है। इस SUV को शहर और खराब सड़कों—दोनों के लिए संतुलित परफॉर्मेंस देने के हिसाब से डिजाइन किया जाएगा।
जानिए Renault Bridger के बारे में
Renault Bridger कंपनी के लाइनअप में Renault Kiger और Renault Duster के बीच में जगह लेगी। इसका डिजाइन स्टाइलिश और मजबूत होगा, जिसमें ब्लैक ग्रिल, LED लाइट्स, बड़ा बम्पर और फ्रंट स्किड प्लेट जैसे एलिमेंट्स मिलेंगे। कंपनी का दावा है कि 4 मीटर से कम लंबाई के बावजूद इसमें सेगमेंट में बेहतर केबिन स्पेस मिलेगा। यह नए प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी और इसमें अलग-अलग इंजन विकल्प दिए जा सकते हैं।
Written By Toshi Shah