बिहार में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए TRE-4 के तहत 32,388 पदों पर नियुक्ति की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि शिक्षा विभाग ने इन पदों के लिए अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी है। अब आयोग जल्द ही भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर सकता है।
अगस्त में जारी हो सकता है नोटिफिकेशन
जानकारी के अनुसार, BPSC अगस्त 2026 में TRE-4 भर्ती का विज्ञापन जारी कर सकता है। इसके बाद ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य के सरकारी स्कूलों में विभिन्न कक्षाओं के लिए शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।
किस कक्षा के लिए कितने पद?
TRE-4 भर्ती में प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक शिक्षकों की नियुक्ति होगी। पदों का संभावित विवरण इस प्रकार है—
कक्षा 1 से 5: 3,847 पद
कक्षा 6 से 8: 8,563 पद
कक्षा 9 से 10: 3,877 पद
कक्षा 11 से 12: 16,101 पद
कुल रिक्तियां: 32,388
सितंबर में हो सकती है परीक्षा
सूत्रों के मुताबिक, TRE-4 की लिखित परीक्षा सितंबर 2026 में आयोजित कराई जा सकती है। हालांकि, BPSC ने अभी तक परीक्षा तिथि या नोटिफिकेशन जारी करने की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। माना जा रहा है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया जाएगा।
परीक्षा पैटर्न कैसा रहेगा?
TRE-4 परीक्षा वस्तुनिष्ठ (Objective) और बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्नों पर आधारित होगी। परीक्षा कुल 150 अंकों की होगी और इसके लिए 2 घंटे 30 मिनट का समय दिया जाएगा।
परीक्षा में दो प्रश्नपत्र होंगे—
पेपर-1: भाषा (क्वालिफाइंग) और सामान्य अध्ययन
पेपर-2:भाषा (क्वालिफाइंग), सामान्य अध्ययन और विषय-विशेष
युवाओं के लिए बड़ा अवसर
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य युवाओं को अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और बिहार की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना है। TRE-4 के जरिए हजारों अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी पाने का अवसर मिलेगा, जिससे शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
Written by Rozi Sinha