मीडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और ईरान के साथ अमेरिका-इजराइल की सैन्य कार्रवाई के बाद वैश्विक तेल बाजार में भारी उथल-पुथल देखने को मिल रही है। इसका सीधा असर अमेरिका में पेट्रोल की कीमतों पर पड़ा है। जहां बीते एक महीने में ईंधन के दाम में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिका में पेट्रोल की कीमत 2022 के बाद पहली बार 4 डॉलर प्रति गैलन के पार पहुंच गई है।
बढ़ी रेगुलर पेट्रोल की औसत कीमत
अमेरिकन ऑटोमोबाइल एसोसिएशन (AAA) के अनुसार, देश में रेगुलर पेट्रोल की औसत कीमत 4.02 डॉलर प्रति गैलन हो गई है। यदि इसे भारतीय मुद्रा में बदलें तो यह लगभग 377.77 रुपये प्रति गैलन बैठती है। एक गैलन में 3.785 लीटर पेट्रोल होता है, जिसके हिसाब से अमेरिका में पेट्रोल की औसत कीमत करीब 99.79 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है।
पेट्रोल के दाम में हुई 1 डॉलर प्रति गैलन से अधिक बढ़ोतरी
विशेषज्ञों का कहना है कि बीते एक महीने में पेट्रोल के दाम में 1 डॉलर प्रति गैलन से अधिक की वृद्धि हुई है। मौजूदा विनिमय दर के आधार पर यह बढ़ोतरी करीब ₹95 प्रति गैलन और लगभग ₹25 प्रति लीटर बैठती है। यह उछाल ऐसे समय में आया है जब अमेरिका खुद तेल उत्पादन और निर्यात करने वाला प्रमुख देश है।
ईरान और अमेरिका में चल रहे युध्द से कच्चे तेल पर प्रभाव
इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह ईरान-इजराइल-अमेरिका के बीच बढ़ता सैन्य तनाव है, जिसने कच्चे तेल की वैश्विक आपूर्ति को प्रभावित किया है। पश्चिम एशिया के कई तेल उत्पादक देशों द्वारा उत्पादन में कटौती और सप्लाई चेन में व्यवधान के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है, जिसका असर सीधे पेट्रोल पर पड़ा है।
भारत में पेट्रोल की कीमतों में कोई बड़ा बदलाव नहीं
वहीं भारत की बात करें तो यहां आम लोगों को फिलहाल राहत मिली हुई है। देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल की कीमतों में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। इंडियन ऑयल के ताजा आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये प्रति लीटर है, जबकि लखनऊ में यह 94.73 रुपये प्रति लीटर बनी हुई है।
Writen By: Geeta Sharma