कहते हैं कि सच्चे रिश्ते वक्त और दूरी की कसौटी पर भी अटूट रहते हैं और चीन की एक बहन ने इस बात को हकीकत में बदल दिया। 33 साल तक बिछड़े रहने के बाद उसने अपने खोए हुए भाई को सिर्फ एक पुरानी तस्वीर के सहारे ढूंढने निकली। यह कहानी आज सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर रही है।

कैसे बिछड़े थे भाई-बहन?

यह घटना चीन की है, जहां ली लिन और उनके छोटे भाई ली शिन बचपन में ही अनाथ हो गए थे। मां की कैंसर से मौत हो गई, और पिता इस सदमे को सहन नहीं कर पाए। हालात इतने खराब हो गए कि दोनों को भोजन के लिए भटकना पड़ता था। एक दिन बारिश से बचने के लिए वे दोनों एक ट्रक में छिप गए, लेकिन वह ट्रक उन्हें एक अनजान शहर में ले गया। वहां एक महिला ने छोटे भाई को खाना दिया और अपने साथ ले गई। ली लिन ने इसे मदद समझा, लेकिन उनका भाई फिर कभी वापस नहीं लौटा।

बहन ने नहीं मानी हार

भाई के खोने के बाद ली लिन ने हार नहीं मानी, उन्होंने उसे ढूंढने के लिए अपनी पूरी जिंदगी समर्पित कर दी। करीब 1 मिलियन युआन (लगभग 1.2 करोड़ रुपये) खर्च किए। मजदूरी की, ईंटें ढोईं, होटल में बर्तन साफ किए और अलग-अलग शहरों में जाकर हजारों पर्चे बांटे, उनके पास न कोई डीएनए सबूत था, न कोई पुख्ता सुराग—सिर्फ बचपन की एक पुरानी तस्वीर ही उनका सहारा थी।

भाई की जिंदगी भी रही कठिन

दूसरी तरफ, ली शिन को ग्वांगडोंग में एक परिवार ने गोद ले लिया और उसका नाम बदल दिया गया, उसका बचपन भी आसान नहीं था। उसने कई बार भागने की कोशिश की, भीख मांगकर गुजारा किया और कठिन परिस्थितियों में बड़ा हुआ।

आखिर कैसे हुआ मिलन?

सालों बाद जियांग्शी प्रांत के एक पुलिस अधिकारी ने उस पुरानी तस्वीर के आधार पर एक संभावित व्यक्ति की पहचान की। इसके बाद डीएनए टेस्ट कराया गया, जिससे यह पुष्टि हुई कि वही व्यक्ति ली लिन का खोया हुआ भाई है।
करीब 33 साल बाद, दोनों भाई-बहन आखिरकार एक-दूसरे से मिल पाए—एक ऐसा पल, जिसने साबित कर दिया कि सच्चे रिश्ते कभी खत्म नहीं होते।

  Written By Toshi Shah