Stomach Pain Causes in Monsoon: मानसून का मौसम गर्मी से राहत जरूर देता है, लेकिन इस दौरान सेहत को लेकर कई तरह की परेशानियां भी बढ़ने लगती हैं। बारिश के कारण वातावरण में नमी बढ़ जाती है, जिससे बैक्टीरिया और वायरस तेजी से पनपने लगते हैं। इसका सीधा असर हमारी पाचन प्रक्रिया पर पड़ सकता है। इस मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी पेट दर्द, गैस, अपच, उल्टी और संक्रमण जैसी समस्याओं को जन्म दे सकती है। अगर आप भी इन दिनों पेट से जुड़ी परेशानी महसूस कर रहे हैं तो इसके पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। तो आइए जानते हैं कि आखिऱ बरसात में पेट दर्द की समस्या क्यों बढ़ जाती है? जानिए इसके 5 बड़े कारण और बचाव के आसान तरीके

गंदा पानी और असुरक्षित भोजन बन सकता है परेशानी की वजह

मानसून में जगह-जगह पानी भरने और गंदगी बढ़ने के कारण पानी और खाने की चीजों के दूषित होने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे पानी या संक्रमित भोजन के सेवन से हानिकारक बैक्टीरिया शरीर में पहुंच सकते हैं, जिससे दस्त, उल्टी और पेट में दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए बारिश के मौसम में हमेशा साफ पानी पीना और ताजा खाना खाना बेहद जरूरी है।

पाचन तंत्र पर पड़ता है मौसम का असर

बारिश के दिनों में कई लोगों का डाइजेशन सिस्टम थोड़ा कमजोर हो जाता है। ऐसे में अधिक तेल-मसाले वाला खाना, फास्ट फूड या बहुत भारी भोजन पेट के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है। इस तरह के भोजन से गैस, पेट फूलना, अपच और पेट में ऐंठन जैसी दिक्कतें बढ़ सकती हैं। इसलिए इस मौसम में हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन लेना बेहतर माना जाता है।

खराब खाना बढ़ा सकता है फूड पॉइजनिंग का खतरा

मानसून में नमी ज्यादा होने के कारण भोजन जल्दी खराब हो सकता है। कई बार देखने में खाना सही लगता है, लेकिन उसमें बैक्टीरिया पनप चुके होते हैं। ऐसा भोजन खाने से फूड पॉइजनिंग हो सकती है। इसकी वजह से पेट में तेज दर्द, उल्टी, मरोड़, कमजोरी और बेचैनी जैसी समस्याएं परेशान कर सकती हैं।

बैक्टीरिया और वायरस से बढ़ता है संक्रमण का खतरा

बरसात में कीटाणुओं का फैलाव तेजी से होता है। गंदे हाथों, दूषित पानी या खराब खाने के जरिए ये शरीर में प्रवेश कर सकते हैं और आंतों को प्रभावित कर सकते हैं। इसके अलावा बिना ढका हुआ खाना भी संक्रमण का बड़ा कारण बन सकता है, क्योंकि मक्खियां और दूसरे कीड़े खाने पर बैठकर हानिकारक बैक्टीरिया पहुंचा सकते हैं।

मानसून में पेट को स्वस्थ रखने के लिए अपनाएं ये उपाय

बारिश के मौसम में पेट को स्वस्थ रखने के लिए साफ-सफाई का ध्यान रखना सबसे जरूरी है। हमेशा ताजा भोजन करें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और बाहर के खुले खाने से दूरी बनाएं। इसके अलावा खाने से पहले हाथों को अच्छी तरह धोएं और कोशिश करें कि बहुत ज्यादा तला-भुना या मसालेदार भोजन न खाएं। जिन लोगों का पाचन तंत्र मौसम बदलने पर जल्दी प्रभावित होता है, उन्हें खानपान में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

Disclaimer: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या के लिए डॉक्टर या विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।

Written By: Sushma Pandey