जमाना तेजी से बदल रहा है। अब सोशल मीडिया पर सिर्फ इंसान ही नहीं, बल्कि जानवर भी अपनी खास पहचान बना रहे हैं। इसी कड़ी में एक नाम खूब चर्चा में है—मर्लिन। यह कोई साधारण सुअर नहीं, बल्कि दुनिया का सबसे लोकप्रिय पिग बन चुका है। इंस्टाग्राम पर इसके 11 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। मर्लिन की सबसे अनोखी बात यह है कि वह बटन दबाकर अपनी बात जाहिर करता है। उसके पास 25 अलग-अलग साउंड बटन हैं, जिनका इस्तेमाल वह भूख लगने, ध्यान खींचने या अपनी नाराजगी जताने के लिए करता है। उसकी मालकिन मीना अलाली ने 2022 में उसकी ट्रेनिंग शुरू की थी, और आज मर्लिन ‘मोस्ट फॉलोड पिग’ का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुका है।

बटन से करता है बातचीत

जब मर्लिन अपनी ट्रॉफी के साथ तस्वीर खिंचवाता है, तो उसकी शान देखने लायक होती है। हालांकि, रिकॉर्ड मिलने के वक्त वह थोड़ा निराश भी नजर आया, क्योंकि उसे लगा था कि पार्सल में खाने की कोई चीज होगी। मीना के मुताबिक, मर्लिन उनके लिए बच्चे जैसा है और उसकी मासूम हरकतें लाखों लोगों के चेहरे पर मुस्कान ले आती हैं। लोग उसकी वीडियो देखकर अपना तनाव और चिंता भूल जाते हैं। जब वह बटन दबाकर ‘मम्मी के साथ बाहर जाना है’ या ‘मुझे स्नैक्स चाहिए’ जैसी बातें जताता है, तो किसी का भी दिल पिघलना तय है।

मीना ने दी मेहनत और धैर्य की मिसाल

मीना को जानवरों को ट्रेन करने का पहले से अनुभव था, लेकिन मर्लिन को सिखाना आसान नहीं था। शुरुआत में वह काफी शोर करता था, मगर धीरे-धीरे उसने बटन के जरिए अपनी भावनाएं व्यक्त करना सीख लिया। आमतौर पर सुअरों को लोग कमतर समझते हैं, लेकिन मर्लिन ने यह साबित कर दिया कि सही ट्रेनिंग और लगन से किसी भी जीव की क्षमता को निखारा जा सकता है।

 Written By Toshi Shah