उत्तर प्रदेश की पारंपरिक डिश फरा स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी जानी जाती है। चावल के आटे और दाल की स्टफिंग से बनने वाली यह डिश कम तेल में तैयार होती है, इसलिए इसे हेल्दी स्नैक माना जाता है। हाल ही में फूड कंटेंट क्रिएटर अनीता मेहता ने फरे बनाने का एक आसान तरीका बताया है, जिसमें उबलते पानी में चावल का आटा डालकर जल्दी और सॉफ्ट फरे तैयार किए जा सकते हैं।
फरा बनाने की आसान ट्रिक
चावल का आटा अगर उबलते पानी में मिलाया जाए तो आटा ज्यादा मुलायम और लचीला बनता है। इससे आटा आसानी से गूंथा जाता है और फरे बनाते समय टूटने या फटने की समस्या कम हो जाती है। यही वजह है कि इस तरीके से बने फरे पकने के बाद भी नरम रहते हैं।
स्टफिंग में छिपा है स्वाद का राज
फरे के अंदर भरने के लिए भीगी हुई चना दाल को हरी मिर्च, अदरक, लहसुन और कुछ मसालों के साथ दरदरा पीस लिया जाता है। इस मिश्रण को चावल के आटे की लोई में भरकर आधे चांद जैसा आकार दिया जाता है। दाल की यह मसालेदार स्टफिंग फरे के स्वाद को और बढ़ा देती है।
भाप में क्यों पकता है फरा?
तैयार फरे को स्टीमर में रखकर करीब 15 से 20 मिनट तक भाप में पकाया जाता है। स्टीम में पकने की वजह से इसमें ज्यादा तेल की जरूरत नहीं पड़ती। यही कारण है कि यह डिश हल्की और हेल्दी मानी जाती है और कई लोग इसे शाम के स्नैक के तौर पर खाना पसंद करते हैं।
टिप्स जो बनाएं फरे परफेक्ट
जब फरे अच्छी तरह पक जाते हैं, तो ऊपर से राई, करी पत्ता और सूखी लाल मिर्च का हल्का तड़का लगाया जा सकता है। इससे इसकी खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाते हैं। गरमा-गरम फरे को आमतौर पर हरी चटनी या टमाटर की चटनी के साथ परोसा जाता है, जिसे लोग बड़े चाव से खाते हैं।
Written by: Anushka sagar