रसोई में हरा धनिया और हरी मिर्च का इस्तेमाल लगभग हर दिन होता है, लेकिन सही तरीके से स्टोर न करने पर ये कुछ ही दिनों में सूखने या खराब होने लगते हैं। ऐसे में अगर आप भी बार-बार इन्हें फेंकने को मजबूर हो जाते हैं, तो स्टोर करने के तरीके में थोड़ा बदलाव करके इन्हें लंबे समय तक ताजा रखा जा सकता है।

हरा धनिया कैसे रखें फ्रेश?
अक्सर लोग बाजार से लाए गए धनिया को उसी प्लास्टिक बैग में फ्रिज में रख देते हैं। इससे बैग के अंदर नमी जमा हो जाती है और पत्तियां जल्दी गलने लगती हैं। बेहतर होगा कि धनिया को पहले अच्छी तरह सुखा लें। इसके बाद एयरटाइट कंटेनर में नीचे एक सूखा पेपर टॉवल बिछाकर धनिया रखें और कंटेनर बंद करके फ्रिज में रख दें। पेपर टॉवल अतिरिक्त नमी सोख लेता है, जिससे धनिया लंबे समय तक हरा और ताजा बना रह सकता है। एक दूसरा तरीका यह है कि धनिया की डंठल का निचला हिस्सा हल्का-सा काटकर उसे थोड़ा पानी भरे कांच के गिलास में रखें। ऊपर से ढीले तरीके से प्लास्टिक बैग ढक दें और हर दो से तीन दिन में पानी बदलते रहें। इससे धनिया की पत्तियां ज्यादा समय तक ताजी बनी रह सकती हैं।

यह भी पढ़ें : सीजन में मिलने वाला जामुन क्यों है खास? जानिए इसके फायदे

हरी मिर्च स्टोर करने का सही तरीका
हरी मिर्च को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए सबसे पहले उसकी डंठल हटा दें। इसके बाद हल्दी मिले पानी से धोकर साफ पानी से अच्छी तरह साफ करें और सूती कपड़े से पूरी तरह सुखा लें। जब मिर्च पर बिल्कुल भी नमी न रहे, तब उसे जिप-लॉक बैग में रखें। बैग में छिली हुई लहसुन की दो-तीन कलियां भी डाल दें और उसे फ्रिज में स्टोर करें। इससे हरी मिर्च जल्दी सूखने या सिकुड़ने से बच सकती है। फ्रिज के अंदर नमी का स्तर कम होने के कारण धनिया और हरी मिर्च जैसी सब्जियां धीरे-धीरे अपनी प्राकृतिक नमी खोने लगती हैं। वहीं, अगर इन्हें गीली अवस्था में या खुले में रखा जाए, तो वे जल्दी खराब हो सकती हैं। इसलिए इन्हें स्टोर करने से पहले अच्छी तरह सुखाना और सही कंटेनर का इस्तेमाल करना जरूरी है। इन आसान उपायों को अपनाकर आप हरा धनिया और हरी मिर्च लंबे समय तक ताजा रख सकते हैं।

Written by Rozi Sinha