Jobs Recruitment On Dating App: आज आमतौर पर लोग पार्टनर ढूंढने के लिए डेटिंग ऐप्स और नौकरी के लिए प्रोफेशनल प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन चीन में इसका उल्टा ट्रेंड देखने को मिल रहा है। वहां युवा Tinder और Bumble जैसे ऐप्स पर अपना रिज्यूमे शेयर कर रहे हैं, जबकि जॉब वेबसाइट्स पर डेट के लिए साथी तलाश रहे हैं। यह अजीब लग सकता है, लेकिन इसकी असली वजह वहां का बेहद कठिन और प्रतिस्पर्धी जॉब मार्केट है।

नेटवर्किंग का नया तरीका 'डेटिंग ऐप' बना सहारा

रिपोर्ट्स के अनुसार, चीन में LinkedIn के बंद होने के बाद युवाओं के लिए प्रोफेशनल नेटवर्किंग का बड़ा अभाव हो गया। इसी कमी को पूरा करने के लिए उन्होंने डेटिंग ऐप्स का सहारा लेना शुरू कर दिया। एक महिला ने बताया कि उसने ऐप पर एक व्यक्ति से बातचीत शुरू की, हालांकि दोनों के बीच रिश्ता नहीं बना, लेकिन वह व्यक्ति उसी कंपनी में काम करता था जहां वह नौकरी चाहती थी। आखिर में उसने उसे रेफरल दिया, जिससे उसे नौकरी मिल गई।

जॉब साइट्स पर रिश्तों की तलाश

दूसरी ओर, कुछ लोग अब रिक्रूटमेंट वेबसाइट्स का इस्तेमाल डेटिंग के लिए कर रहे हैं। उनका मानना है कि इन प्लेटफॉर्म्स पर बातचीत ज्यादा प्रोफेशनल और सम्मानजनक होती है, और प्रोफाइल भी ज्यादा भरोसेमंद लगती है। एक एचआर प्रोफेशनल ने बताया कि उन्होंने एक महिला को इंटरव्यू के लिए बुलाया था। उसे नौकरी तो नहीं मिली, लेकिन दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हो गई और वे अक्सर मिलते रहते हैं।

क्या बताते हैं आंकड़े?

2025 के ‘रिज्यूमे बिल्डर’ सर्वे के मुताबिक, हर 3 में से 1 यूजर ने पिछले साल Tinder या Bumble का इस्तेमाल प्रोफेशनल कामों के लिए किया। इनमें 63% लोग नेटवर्क बढ़ाना चाहते थे, जबकि 42% रेफरल की तलाश में थे। युवाओं का कहना है कि पारंपरिक जॉब पोर्टल अब कम असरदार हो गए हैं, जहां AI कई बार इंसानों तक पहुंचने से पहले ही CV रिजेक्ट कर देता है।

डेटिंग ऐप्स से सीधा कनेक्शन

इन ऐप्स का बड़ा फायदा यह है कि लोग सीधे कंपनी में काम करने वालों से जुड़ सकते हैं। इससे लंबी एचआर प्रक्रिया को पार कर सीधे मैनेजर या टीम लीडर तक पहुंचना आसान हो जाता है। साथ ही, यहां बातचीत ज्यादा सहज होती है, जिससे रेफरल मांगना आसान लगता है। हालांकि यह तरीका कुछ लोगों के लिए फायदेमंद है, लेकिन इससे नैतिक सवाल भी उठ रहे हैं।

कई डेटिंग ऐप्स का कहना है कि इस तरह बिजनेस के लिए प्लेटफॉर्म का उपयोग उनकी गाइडलाइन्स के खिलाफ है। कुछ लोग इसे गलत भी मानते हैं, क्योंकि वे रिश्ते की उम्मीद से जुड़ते हैं, जबकि सामने वाला नौकरी की बात करने लगता है, जिससे असली यूजर्स का अनुभव खराब हो रहा है।

Written By - Namita Verma