अगर आप मारुति सुजुकी ब्रेजा खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो जुलाई का महीना आपके लिए बचत का शानदार मौका साबित हो सकता है। कंपनी जल्द ही 24 जुलाई को Brezza Facelift पेश करने वाली है। ऐसे में मौजूदा मॉडल का स्टॉक तेजी से खत्म करने के लिए कंपनी और डीलरशिप्स ग्राहकों को कई आकर्षक ऑफर दे रहे हैं।
ब्रेजा पर कितना मिल रहा है फायदा?
जुलाई के दौरान मौजूदा Brezza खरीदने पर ग्राहकों को अलग-अलग ऑफर्स का लाभ मिल सकता है। इनमें 25,000 रुपये का कंज्यूमर ऑफर,15,000 रुपये का एक्सचेंज बोनस, स्क्रैपेज पॉलिसी के तहत 25,000 रुपये तक की छूट और पात्र ग्राहकों के लिए 5,000 रुपये का इंस्टीट्यूशनल बेनिफिट शामिल है। इसके अलावा, कई अधिकृत डीलर अपने स्तर पर भी लगभग 25,000 रुपये तक का अतिरिक्त डिस्काउंट दे रहे हैं। हालांकि, यह ऑफर शहर, डीलर और उपलब्ध स्टॉक के अनुसार बदल सकता है। सभी ऑफर्स को मिलाकर कुल बचत करीब 80,000 रुपये तक पहुंच सकती है।
कंपनी क्यों दे रही है इतना बड़ा डिस्काउंट?
नई Brezza Facelift की लॉन्चिंग नजदीक होने के कारण कंपनी मौजूदा मॉडल का स्टॉक जल्दी क्लियर करना चाहती है। इसी वजह से ग्राहकों को पहले के मुकाबले ज्यादा आकर्षक ऑफर्स दिए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि फेसलिफ्ट मॉडल में डिजाइन और फीचर्स दोनों में कई बदलाव देखने को मिलेंगे।
नई Brezza Facelift में क्या होगा खास?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई Brezza Facelift में पहली बार टर्बो पेट्रोल इंजन का विकल्प मिल सकता है। इसके साथ कंपनी स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स भी पेश कर सकती है, जो फिलहाल उसके किसी भी मॉडल में उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन मिलने की भी संभावना है। वहीं, मौजूदा 1.5-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन को भी जारी रखा जा सकता है। इस इंजन के साथ पहले की तरह 5-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलने की उम्मीद है। यानी ग्राहकों के पास इंजन और ट्रांसमिशन के कई विकल्प उपलब्ध हो सकते हैं।
मौजूदा ब्रेजा की कीमत
फिलहाल मारुति सुजुकी Brezza की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत लगभग 8.69 लाख रुपये है। यदि आप इस समय एक भरोसेमंद और लोकप्रिय कॉम्पैक्ट SUV खरीदना चाहते हैं, तो उपलब्ध डिस्काउंट ऑफर्स आपकी कुल खरीद लागत को काफी कम कर सकते हैं।
Written By Toshi Shah