ग्लोबल मार्केट में जारी तनाव के बावजूद भारतीय सर्राफा बाजार से निवेशकों के लिए बड़ी खबर आ रही है। सोमवार को हफ्ते के पहले कारोबारी दिन मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। ईरान को लेकर डोनाल्ड ट्रंप की नई धमकी और मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बाद भी कीमती धातुओं के दाम बढ़ने के बजाय नीचे गिर गए हैं।
चांदी में ₹2800 की बड़ी गिरावट
सोमवार सुबह बाजार खुलते ही चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट देखी गई। पिछले कारोबारी दिन चांदी 2,32,495 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी, जो आज सुबह गिरकर 2,29,651 रुपये पर आ गई। महज कुछ ही घंटों में चांदी 2,844 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि निवेशक अब कीमती धातुओं के बजाय कैश को ज्यादा प्राथमिकता दे रहे हैं।
सोना भी ₹1300 से ज्यादा फिसला
चांदी के साथ-साथ सोने के दाम भी औंधे मुंह गिरे हैं। 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव, जो पिछले सप्ताह 1,49,680 रुपये पर बंद हुआ था, आज 1,48,298 रुपये पर ओपन हुआ। यानी प्रति 10 ग्राम सोने पर 1,382 रुपये की कमी आई है। अपने लाइफटाइम हाई (2,02,984 रुपये) के मुकाबले सोना अब करीब 54,686 रुपये सस्ता मिल रहा है।
ग्लोबल टेंशन में क्यों गिर रहे दाम?
आमतौर पर युद्ध या तनाव की स्थिति में सोना-चांदी महंगे होते हैं, लेकिन इस बार नजारा उल्टा है। कच्चे तेल की कीमतें 110 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुँचने से महंगाई का जोखिम बढ़ गया है। साथ ही अमेरिकी डॉलर की मजबूती ने सोने की चमक को फीका कर दिया है। निवेशक फिलहाल 'वेट एंड वॉच' की स्थिति में हैं।
Written by: Anushka sagar