नेल पॉलिश सिर्फ नाखूनों को सजाने का जरिया नहीं है, बल्कि यह आपके पूरे स्टाइल और पर्सनैलिटी को भी बेहतर बना सकती है। सही नेल पेंट शेड आपके हाथों की खूबसूरती को और ज्यादा उभार देता है। हालांकि, हर रंग हर व्यक्ति पर एक जैसा नहीं जंचता। इसका सबसे बड़ा कारण होता है आपकी स्किन टोन और अंडरटोन। इसलिए नेल पॉलिश खरीदते समय अपनी त्वचा के रंग को ध्यान में रखना जरूरी है। आइए जानते हैं कि किस स्किन टोन पर कौन से नेल पॉलिश रंग सबसे ज्यादा खूबसूरत लग सकते हैं।
फेयर स्किन टोन के लिए बेस्ट नेल पॉलिश शेड्स
अगर आपकी त्वचा का रंग हल्का है, तो आपके ऊपर कई तरह के नेल पेंट शेड्स अच्छे लग सकते हैं। सॉफ्ट पिंक, बेबी पिंक, पीच और हल्के पर्पल या लैवेंडर शेड्स हाथों को फ्रेश और खूबसूरत लुक देते हैं। वहीं, अगर आप थोड़ा बोल्ड अंदाज चाहती हैं तो क्लासिक रेड, वाइन और बरगंडी जैसे डार्क शेड्स भी फेयर स्किन पर काफी आकर्षक लगते हैं। सिंपल और एलिगेंट लुक के लिए न्यूड पिंक या मिल्की व्हाइट रंग भी शानदार विकल्प हैं।
मीडियम या गेहूंआ स्किन टोन पर लगाएं ये रंग
भारत में ज्यादातर महिलाओं की स्किन टोन मीडियम या गेहूंआ होती है। इस तरह की त्वचा पर रोज पिंक, माउव, कोरल, टेराकोटा और वार्म न्यूड शेड्स काफी अच्छे लगते हैं। डेली यूज के लिए हल्के पिंक या ब्राउन न्यूड रंग चुने जा सकते हैं। वहीं पार्टी या खास मौके के लिए डीप रेड, प्लम और वाइन शेड्स हाथों को खूबसूरत और स्टाइलिश लुक देते हैं।
यह भी पढ़ें : पलकों को लंबा और मजबूत बनाने के लिए अपनाएं ये आसान घरेलू तरीके, दिखेगा नेचुरल निखार
डस्की स्किन टोन के लिए खूबसूरत नेल पॉलिश शेड्स
डस्की स्किन टोन पर रिच और बोल्ड कलर्स बहुत अच्छे लगते हैं। डीप रेड, बरगंडी, चॉकलेट ब्राउन, बेरी और प्लम जैसे शेड्स हाथों की खूबसूरती को और निखारते हैं। इसके अलावा ब्रिक रेड, डीप ऑरेंज और मस्टर्ड जैसे वार्म कलर भी इस स्किन टोन पर काफी आकर्षक लगते हैं। अगर आपको सिंपल लुक पसंद है तो कैरेमल और वार्म ब्राउन न्यूड शेड्स ट्राई कर सकती हैं।
डीप स्किन टोन पर जंचेंगे ये नेल पेंट कलर्स
डीप स्किन टोन वाली महिलाओं पर ब्राइट और ज्वेल-टोन्ड नेल पॉलिश शेड्स बेहद खूबसूरत लगते हैं। एमराल्ड ग्रीन, रॉयल ब्लू, डीप पर्पल, बरगंडी और रेड जैसे रंग हाथों को ग्लैमरस लुक देते हैं। फेस्टिव या पार्टी लुक के लिए गोल्ड और ब्रॉन्ज जैसे मेटैलिक शेड्स भी बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं।
न्यूड नेल पॉलिश चुनते समय इन बातों का रखें ध्यान
न्यूड नेल पेंट हर स्किन टोन पर अलग-अलग दिखाई देता है, इसलिए इसे चुनते समय अपनी स्किन के अंडरटोन को समझना जरूरी है। वार्म अंडरटोन वाली त्वचा पर पीच, कैरेमल और वार्म बेज शेड्स अच्छे लगते हैं, जबकि कूल अंडरटोन पर पिंकिश और माउव न्यूड ज्यादा आकर्षक दिखाई देते हैं। सही नेल पॉलिश शेड चुनकर आप अपने हाथों की खूबसूरती को और बढ़ा सकती हैं। बस अपनी स्किन टोन के अनुसार रंग का चुनाव करें और अपने लुक को स्टाइलिश बनाएं।
Written by Rozi Sinha