चैत्र नवरात्रि 2026 इस बार एक अलग ही वजह से चर्चा में है। हर साल पूरे नौ दिन चलने वाले नवरात्र इस बार तिथियों के बदलाव के चलते आठ दिन के रहेंगे। सबसे खास बात ये है कि अष्टमी और नवमी दोनों एक ही दिन पड़ रही हैं, जिसे धार्मिक नजरिए से बहुत ही शुभ और दुर्लभ माना जा रहा है।

कब से शुरू होंगे नवरात्र
पंचांग के मुताबिक इस बार नवरात्रि मार्च के तीसरे हफ्ते से शुरू होंगे। पहले दिन घटस्थापना (कलश स्थापना) के साथ मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा का सिलसिला शुरू हो जाएगा। हालांकि तिथियों के कम होने की वजह से श्रद्धालुओं को पूजा का क्रम थोड़ा बदला हुआ देखने को मिलेगा।

कैसे घटकर 8 दिन के रह गए नवरात्र
माना जा रहा है इस साल तिथियों का हिसाब ऐसा बन रहा है कि एक तिथि कम हो रही है। इसी वजह से नवरात्र के दिनों की संख्या भी एक दिन घट जाएगी। यानी इस बार नवरात्र पूरे नौ दिन की बजाय आठ दिन के रहेंगे। हालांकि, पूजा और व्रत पहले की तरह ही पूरे नियम से किए जाएंगे और इसका महत्व भी वैसा ही रहेगा।

एक ही दिन मनेंगी अष्टमी और नवमी
इस बार सबसे बड़ा बदलाव यही है कि अष्टमी और नवमी एक ही दिन पड़ रही हैं। आमतौर पर दोनों तिथियां अलग-अलग दिन मनाई जाती हैं, लेकिन इस बार उनका संयोग बन रहा है। ऐसे में उसी दिन कन्या पूजन, हवन और राम नवमी का पर्व एक साथ मनाया जाएगा।

कन्या पूजन
क्योंकि अष्टमी और नवमी एक साथ हैं, इसलिए भक्तों के लिए सुविधा भी बढ़ गई है। वे एक ही दिन कन्या पूजन कर सकते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ऐसा संयोग बहुत शुभ माना जाता है और इस दिन की गई पूजा का फल कई गुना बढ़ जाता है।

क्यों खास है ये संयोग
ज्योतिष मानते हैं कि जब दो महत्वपूर्ण तिथियां एक साथ आती हैं, तो उसका आध्यात्मिक महत्व बढ़ जाता है। ऐसे में इस बार नवरात्रि में मां दुर्गा की आराधना के साथ भगवान राम के जन्मोत्सव का भी विशेष महत्व रहेगा।

Written by: Anushka sagar