सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। वीडियो में एक पूरे घर को ट्रक पर रखकर सड़क के रास्ते दूसरी जगह ले जाया जा रहा है। यह दृश्य कई लोगों के लिए अविश्वसनीय लग रहा है और लोग सोच रहे हैं कि क्या वास्तव में ऐसा संभव है।
हाइड्रोलिक जैक की ली जाती है मदद
वीडियो में देखा जा सकता है कि सबसे पहले हाइड्रोलिक जैक की सहायता से पूरे घर को उसकी नींव से सावधानीपूर्वक ऊपर उठाया जाता है। इसके बाद घर को विशेष रूप से तैयार किए गए भारी-भरकम ट्रेलर पर रखा जाता है और नई जगह के लिए रवाना किया जाता है। इस दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाता है। ट्रेलर के आगे और पीछे एस्कॉर्ट वाहन चलते हैं, कई स्थानों पर ट्रैफिक को अस्थायी रूप से रोका जाता है और आवश्यकता पड़ने पर बिजली के तारों को भी कुछ समय के लिए हटाया जाता है।
एक भारतीय कंटेंट क्रिएटर ने शेयर की वीडियो
यह वीडियो न्यूजीलैंड में रहने वाली एक भारतीय कंटेंट क्रिएटर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है। उन्होंने बताया कि न्यूजीलैंड में इस तरह घरों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाना सामान्य प्रक्रिया है। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि वहां बड़ी संख्या में मकान लकड़ी से बने होते हैं। ऐसे घरों को इस तरह डिजाइन किया जाता है कि जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित तरीके से दूसरी जगह स्थानांतरित किया जा सके।
इसे कहा जाता है हाउस लिफ्टिंग
इसे हाउस लिफ्टिंग या हाउस रिलोकेशन तकनीक कहा जाता है। इस प्रक्रिया में किसी बने हुए घर को तोड़े बिना हाइड्रोलिक जैक की मदद से उसकी नींव से ऊपर उठाया जाता है। इसके बाद उसे विशेष ट्रांसपोर्ट सिस्टम के जरिए नई जगह पहुंचाया जाता है। भारत में भी हाउस लिफ्टिंग तकनीक का उपयोग किया जाता है, लेकिन यहां इसका मुख्य उद्देश्य बाढ़ प्रभावित इलाकों में मकानों की ऊंचाई बढ़ाना या कमजोर नींव की मरम्मत करना होता है। पूरे घर को दूसरी जगह ले जाने के मामले भारत में अपेक्षाकृत कम देखने को मिलते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल
वीडियो को सोशल मीडिया पर हजारों लोग देख चुके हैं और इस पर बड़ी संख्या में प्रतिक्रियाएं भी आई हैं। एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि भारत में तो सामान शिफ्ट करने में ही कई दिन लग जाते हैं, जबकि दूसरे ने कहा कि लकड़ी के घर होने की वजह से यह प्रक्रिया वहां आसानी से संभव हो पाती है। कई लोगों ने इसे आधुनिक इंजीनियरिंग और बेहतरीन तकनीकी कौशल का शानदार उदाहरण बताया।
Written By Toshi Shah