UP Election 2027:  सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता का रुझान समाजवादी पार्टी के पक्ष में है और भाजपा सरकार के प्रति व्यापक नाराजगी देखने को मिल रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही चुनावी जीत की सबसे बड़ी कुंजी है।

संगठन की मजबूती पर दिया जोर

लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय के डॉ.राममनोहर लोहिया सभागार में विभिन्न जनपदों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को अखिलेश यादव ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक सक्रिय रहना होगा। चुनावी सफलता के लिए संगठन का हर स्तर पर मजबूत और एकजुट होना आवश्यक है।

साइकिल निशान पर वोट दिलाने का संकल्प

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे समाजवादी पार्टी के चुनाव चिह्न ‘साइकिल’ पर अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित कराने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि पार्टी जिस उम्मीदवार को अधिकृत करेगी, उसे सभी कार्यकर्ताओं का पूर्ण सहयोग और समर्थन मिलना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्याशी के पक्ष में एकजुटता ही समाजवादी पार्टी को सत्ता तक पहुंचा सकती है।

सोशल मीडिया पर संयम बरतने की सलाह

पार्टी अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर भी महत्वपूर्ण सलाह दी। उन्होंने कहा कि मोबाइल और सोशल मीडिया पर सही जानकारी के साथ-साथ भ्रामक और गुमराह करने वाली बातें भी प्रसारित होती हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार के विवाद, झगड़े या आपत्तिजनक टिप्पणी से बचना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जाति और धर्म से जुड़े संवेदनशील विषयों पर टिप्पणी न करें तथा अपने आचरण और भाषा में संयम बनाए रखें।

भाजपा सरकार पर साधा निशाना

अपने संबोधन के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या स्थित राम मंदिर में आने वाले चंदे और चढ़ावे के प्रबंधन को लेकर गंभीर अनियमितताएं हुई हैं।

ये भी पढ़ें: जमाअत की 3 बड़ी मांगें: राष्ट्रीय सम्मान कानून, शिक्षा सुधार और बाढ़ पुनर्वास, जानिए पूरा मामला

इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार द्वारा बनाई गई कई सड़कें निर्माण के तुरंत बाद ही धंसने और टूटने लगी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्यों में घटिया गुणवत्ता के डामर का इस्तेमाल किया गया है।

विकास के मुद्दे पर सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार का वास्तविक विकास से कोई सरोकार नहीं है। उनका आरोप था कि प्रदेश में विकास कार्यों के नाम पर केवल दावे किए जा रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर जनता को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका असर देखने को मिलेगा।

कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी तैयारी का आह्वान

अपने संबोधन के अंत में अखिलेश यादव ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और एकजुटता के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि संगठन बूथ स्तर तक मजबूत हुआ और सभी कार्यकर्ता अनुशासन के साथ पार्टी के लिए कार्य करेंगे, तो वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने में सफल होगी।

Edited By: Geeta Sharma

Written By: एम अतहर उद्दीन मुन्ने भारती