लखीमपुर खीरी: सोशल मीडिया का खुमार और प्यार का फितूर इस कदर चढ़ा कि तीन बच्चों की मां अपने पूरे बसे-बसाए घर को छोड़कर 18 साल के प्रेमी के पास पहुंच गई। इंस्टाग्राम से शुरू हुई यह प्रेम कहानी अब चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां महिला अपने पति की तमाम मिन्नतों और मासूम बच्चों के आंसुओं को दरकिनार कर अपने से आधी उम्र के प्रेमी के साथ रहने पर अड़ी हुई है।
इंस्टाग्राम पर दोस्ती और 7 महीने का प्यार
बिहार की रहने वाली 38 वर्षीय सुमन कुमारी की शादी 15 साल पहले मजदूरी करने वाले प्रद्युमन से हुई थी। उनके तीन बच्चे आदित्य, परसराज और रूही हैं। सुमन सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती थी और वीडियो बनाकर पोस्ट करती थी। इसी दौरान करीब 7 महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी मुलाकात लखीमपुर (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले 18 वर्षीय पवन से हुई। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। महिला ने पवन से यह बात छुपाए रखी कि वह शादीशुदा है और तीन बच्चों की मां है।
बिहार से सोनीपत और फिर लखीमपुर खीरी तक का सफर
प्रेमी पवन हरियाणा के सोनीपत में एक प्राइवेट नौकरी करता था। 3 महीने पहले सुमन अपने पति और बच्चों को बिहार में छोड़कर सीधे सोनीपत पवन के पास पहुंच गई, जहां दोनों साथ रहने लगे। सोनीपत में रहने के दौरान सुमन की अन्य लड़कों से फोन पर बात करने को लेकर पवन के साथ कहासुनी हो गई। नाराज होकर पवन अपने गांव लखीमपुर खीरी लौट आया। प्रेमी के गांव चले जाने पर सुमन भी चार दिन पहले लखीमपुर खीरी उसके घर पहुंच गई।
पंचायत और पुलिस तक पहुंचा मामला
गांव में जब महिला के आने की बात फैली तो स्थानीय लोगों ने पंचायत बुलाई। इसके बाद गांव के प्रधान ने पूरे मामले की जानकारी महिला के पति प्रद्युमन को दी। सूचना मिलते ही प्रद्युमन अपने तीनों मासूम बच्चों को लेकर लखीमपुर खीरी पहुंचा। उसने बच्चों की दुहाई दी और सुमन से घर लौटने की बहुत मिन्नतें कीं, लेकिन महिला ने साफ इंकार कर दिया। मामला थाने तक भी पहुंचा, लेकिन महिला प्रेमी के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी रही। आखिरकार, अपनी पत्नी को मनाने में नाकाम रहे प्रद्युमन को निराश होकर अपने तीनों बच्चों के साथ वापस बिहार लौटना पड़ा।
Written by Shailesh Yadav