उत्तर प्रदेश सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सरकारी और निजी आईटीआई में तीसरी शिफ्ट दोबारा शुरू करने का फैसला किया है। इस निर्णय से उन युवाओं को सबसे ज्यादा फायदा होगा जो दिन में नौकरी करते हैं और साथ ही तकनीकी शिक्षा भी प्राप्त करना चाहते हैं।

तीसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक संचालित होगी। महानिदेशक कौशल विकास विभाग से मंजूरी मिलने के बाद संबंधित संस्थानों का विवरण नेशनल इंस्ट्रक्टर मैनेजमेंट सिस्टम (NIMS) पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। 7 अगस्त तक यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीसरी शिफ्ट में उपलब्ध ट्रेड और सीटों की जानकारी जारी कर दी जाएगी।

आईटीआई में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 14 अगस्त निर्धारित की गई है। वहीं, ड्यूल सिस्टम ऑफ ट्रेनिंग के तहत दाखिला लेने वाले अभ्यर्थी 30 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे। इस प्रणाली में छात्रों को संस्थान के साथ-साथ उद्योगों में भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: अगस्त 2026 में स्कूलों की छुट्टियों की पूरी लिस्ट: त्योहारों और वीकेंड के कारण इतने दिन बंद रह सकते हैं स्कूल

दरअसल, दो साल पहले ड्यूल सिस्टम ऑफ ट्रेनिंग लागू करने के लिए तीसरी शिफ्ट शुरू की गई थी। इसके तहत 30 प्रतिशत प्रशिक्षण संस्थान में और 70 प्रतिशत प्रशिक्षण उद्योगों में होना था। लेकिन अधिकांश संस्थान उद्योगों के साथ जरूरी समझौते नहीं कर पाए, जिसके चलते तीसरी शिफ्ट बंद कर दी गई थी। अब निजी आईटीआई संस्थानों की मांग पर इसे सत्र 2026-27 के लिए एक वर्ष की विशेष अनुमति के साथ फिर से बहाल किया गया है।

इस बार प्रवेश प्रक्रिया में भी कई बदलाव किए गए हैं। दाखिला हाई स्कूल के अंकों की मेरिट के आधार पर होगा। मेरिट सूची राज्य, जिला, ब्लॉक और तहसील स्तर पर तैयार की जाएगी। स्थानीय छात्रों को प्राथमिकता देने के लिए 25 प्रतिशत सीटें संबंधित क्षेत्र के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित रहेंगी। साथ ही खाली सीटों को भरने के लिए अतिरिक्त मेरिट सूची भी जारी की जाएगी।

बता दें कि प्रदेश में इस समय 305 सरकारी और करीब 3,300 निजी आईटीआई संचालित हो रहे हैं। सरकारी संस्थानों में 1,34,575 और निजी आईटीआई में 3,71,732 सीटें उपलब्ध हैं। यानी पूरे प्रदेश में पांच लाख से अधिक सीटों पर तकनीकी शिक्षा और प्रशिक्षण की सुविधा मौजूद है।

Written by Rozi Sinha