देश में जहां अब दिन में लोगों को गर्मी ने परेशान करना शुरू कर दिया है, वहीं अब एक बार फिर से मौसम विभाग ने बारिश को लेकर नया अलर्ट जारी कर दिया है। अब पूर्वी भारत से लेकर उत्तर भारत के 5 राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवा चलेगी। लोगों को सावधान रहने के लिए कहा गया है। इस दौरान आकाशीय बिजली और वज्रपात की भी संभावना है।

आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली रही

दिल्ली में बीते दिन रविवार को भी दिनभर आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली रही। अधिकतम तापमान सामान्य से 7.2 डिग्री अधिक 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक 16.7 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 94 से 28 प्रतिशत रिकॉर्ड हुआ।

यूपी में आज मौसम कैसा रहेगा

IMD के मुताबिक उत्तर प्रदेश में आज यानी 9 मार्च 2026 को बारिश की कोई चेतावनी नहीं दी गई हैं,  लेकिन कई जिलों में गर्मी बढ़ेगी। यूपी के जिन जिलों में आज तापमान बढ़ने वाला है उनमें आगरा, अलीगढ़, इटावा, मैनपुरी, मथुरा,अमेठी, आजमगढ़, अमरोहा, बिजनौर, मैनपुरी, कानपुर और लखनऊ शामिल हैं। लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

उत्तर और पूर्वी भारत के 5 राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 9 मार्च को जम्मू-कश्मीर, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश की चेतावनी जारी की है गई हैं। वहीं, 10 से 14 मार्च के लिए जिन राज्यों में बारिश की संभावना है, उनमें जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल शामिल हैं। वहीं, IMD के अनुसार गरज, बिजली और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवा चल सकती हैं।

हिमाचल प्रदेश में भी भीषण गर्मी

वहीं, बता दें कि हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में 9 और 10  मार्च को भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। महाराष्ट्र के विदर्भ के कुछ इलाकों में 8 से 12 मार्च तक, पश्चिमी राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ में 8 से 10 मार्च तक, उत्तरी गुजरात क्षेत्र में 9 और 10 मार्च को और मराठवाड़ा में 10 और 11 मार्च को भीषण गर्मी की लहर चलने की संभावना जताई जा रही है।  

पश्चिम बंगाल में कैसा रहेगा मौसम

पश्चिम बंगाल की बात करें तो आज यानी 9 मार्च को मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, उत्तर दिनाजपुर में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती हैं। किसानों को खुले में जाने से बचने की सलाह दी गई है।

Written By Toshi Shah