आगरा में गुरु पूर्णिमा से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उच्च शिक्षा क्षेत्र से जुड़े शिक्षकों और उनके परिवारों के लिए बड़ी पहल की शुरुआत की, उन्होंने ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ करते हुए 7.50 लाख से अधिक शिक्षकों और उनके आश्रितों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ देने की घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कई शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी प्रदान किए।
समय की जरूरत है सोशल मीडिया और एआई- सीएम योगी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बदलते समय में सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बढ़ती भूमिका पर भी चर्चा की, उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया और एआई आधुनिक जीवन का अहम हिस्सा बन चुके हैं। इनसे दूरी बनाना संभव नहीं है, बल्कि जरूरत इस बात की है कि इनका इस्तेमाल समाज और देश के हित में किया जाए।
शिक्षक सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को दें सही दिशा-सीएम
मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से अपील की कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सकारात्मक और ज्ञानवर्धक सामग्री साझा करें। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने अनुभवों और अच्छे उदाहरणों के माध्यम से समाज को प्रभावित कर सकते हैं और युवाओं को सही दिशा दिखा सकते हैं।
छात्रों को सही जानकारी और तथ्यों से जोड़ने की अपील
सीएम योगी ने कहा कि शिक्षकों की जिम्मेदारी केवल कक्षा तक सीमित नहीं है। उन्हें छात्रों को सोशल मीडिया के सही और गलत उपयोग के बारे में भी जागरूक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को यह समझना जरूरी है कि कौन-सी जानकारी सत्य है और कौन-सी भ्रामक।
सीएम योगी ने छात्रों को किया प्रेरित
सीएम योगी ने फर्जी अकाउंट, अफवाहों और गलत सूचनाओं से सतर्क रहने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर समय का संतुलित उपयोग होना चाहिए और वास्तविक ज्ञान प्राप्त करने के लिए पढ़ने की आदत को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने छात्रों को पुस्तकालय जाने, संदर्भ पुस्तकों का अध्ययन करने और पाठ्यक्रम से बाहर की उपयोगी किताबें पढ़ने के लिए प्रेरित किया।
धर्मग्रंथों और प्रेरक साहित्य से लें सीख
उन्होंने कहा कि धर्मग्रंथों और प्रेरणादायक साहित्य से भी जीवन के लिए कई उपयोगी सीख प्राप्त की जा सकती हैं। यदि शिक्षक और युवा समाज को सही दिशा दिखाने का प्रयास करेंगे तो देश निश्चित रूप से आगे बढ़ेगा।
शिक्षकों को बताया समाज का महत्वपूर्ण आधार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शिक्षक समाज को दिशा देने वाले महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। इसलिए उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के जीवन में दुर्घटना जैसी परिस्थितियां अचानक आ सकती हैं, ऐसे समय में सरकार संवेदनशीलता के साथ पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ खड़ी रहती है।
सोशल मीडिया आज की आवश्यकता है...
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 26, 2026
अच्छे कंटेंट डालिए, फेक अकाउंट के बारे में लोगों को बताएं...
देश आपका गुणगान करेगा... pic.twitter.com/ZCxUlK4Tya
कैशलेस चिकित्सा योजना से शिक्षकों को मिलेगी राहत
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के माध्यम से शिक्षकों को इलाज के लिए आर्थिक परेशानियों से राहत मिलेगी और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सीएम योगी ने विश्वास जताया कि शिक्षक इस योजना का लाभ उठाकर प्रदेश और देश की प्रगति, एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपना योगदान देंगे।
पंजाब नेशनल बैंक के साथ हुआ समझौता
कार्यक्रम के दौरान उच्च शिक्षा विभाग और पंजाब नेशनल बैंक के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) का हस्तांतरण भी किया गया। इस पहल को शिक्षकों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों के कल्याण और सम्मान के लिए लगातार काम कर रही है।
Written By Toshi Shah