वर्ल्ड हैप्पीनेस रिपोर्ट 2026 सामने आ गई है। इसमें उन देशों की लिस्ट दी गई है, जहां लोग सबसे ज्यादा परेशान और दुखी हैं। अफगानिस्तान से लेकर मिस्र तक, इन देशों में कंगाली और बदहाली ने खुशियां छीन ली हैं। जानिए कौन से देश हैं इस लिस्ट में।
अफगानिस्तान
अफगानिस्तान लगातार दुनिया का सबसे नाखुश देश बना हुआ है। सालों से चल रहे मानवीय संकट और तालिबान के शासन के बाद यहां के लोगों की जिंदगी नरक जैसी हो गई है। बुनियादी आजादी की कमी और भयंकर आर्थिक तंगी ने लोगों के मन में गहरी निराशा भर दी है।

सिएरा लियोन
स्थिरता की कोशिशों के बावजूद यह देश लिस्ट में बहुत नीचे है। यहां गरीबी की दर बहुत ज्यादा है और स्वास्थ्य सुविधाओं का नामो-निशान नहीं है। पुरानी लड़ाइयों के जख्म आज भी यहां के लोगों की खुशियों में रुकावट बने हुए।

मलावी
इस देश की सबसे बड़ी समस्या इसकी कमजोर अर्थव्यवस्था है। यहां के लोग खेती पर निर्भर हैं और मौसम की बेरुखी की वजह से अक्सर यहां खाने के लाले पड़ जाते हैं। महंगाई इतनी ज्यादा है कि आम आदमी का पूरा दिन बस पेट भरने की चिंता में ही निकल जाता है।

जिम्बाब्वे
महंगाई और राजनीतिक उठापटक ने इस देश को खोखला कर दिया है, हालांकि, यहां बहुत सारे प्राकृतिक संसाधन मौजूद हैं, लेकिन भ्रष्टाचार की वजह से उसका फायदा आम जनता तक नहीं पहुंच पाता, जिससे लोग खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं।

तंजानिया
इस लिस्ट में तंजानिया का भी नंबर है। यहां के लोगों को लगता है कि उन्हें अपनी मर्जी से जीने की आजादी नहीं है। बढ़ते शहरीकरण और खराब ढांचे की वजह से लोगों का एक-दूसरे पर से भरोसा कम होता जा रहा है, जो उनकी नाखुशी का बड़ा कारण है।

मिस्र
मिस्र में बढ़ती महंगाई और नागरिक अधिकारों पर पाबंदी ने लोगों को दुखी कर रखा है। सरकार बड़ी-बड़ी इमारतों पर पैसा खर्च कर रही है, लेकिन आम जनता आज भी खाने की सुरक्षा और पैसों की तंगी को लेकर भारी तनाव में जी रही है।

कांगो
कांगो में चल रही आपसी लड़ाई और खनिजों की लूट ने यहां के लोगों की शांति छीन ली है। अपनी जान बचाने के लिए लोगों को दर-दर भटकना पड़ रहा है, और भ्रष्टाचार की वजह से देश के संसाधनों का लाभ जनता को नहीं मिल पा रहा।

एस्वातिनी
खराब सेहत और राजनीतिक अशांति की वजह से यह देश टॉप 10 दुखी देशों में शामिल हो गया है। यहां गरीबी और पाबंदियों ने लोगों का दम घोंट रखा है, जिससे जीवन के प्रति उनका नजरिया बहुत नकारात्मक हो गया है।

Written By Toshi Shah