पड़ोसियों के बीच कहासुनी या विवाद होना कोई नई बात नहीं है। साथ रहते-रहते छोटी-छोटी बातों पर अनबन होना आम है, लेकिन हाल ही में सामने आई एक घटना ने सबको चौंका दिया, जहां एक मामूली झगड़े ने बेहद अजीब रूप ले लिया।

लाउडस्पीकर में बजाने लगा भूतों की कहानियां

चीन के गुआंगडोंग प्रांत के गुआंगझोउ शहर में रहने वाले दो लोगों लू और उनके रूममेट ली का अपने पड़ोसी शी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर उन्होंने बदला लेने के लिए एक अनोखा तरीका अपनाया, उन्होंने अपने कमरे की दीवार के पास एक लाउडस्पीकर लगा दिया और उस पर रोजाना डरावनी भूतों की कहानियां चलाने लगे।

10 घंटे गूंजती थी डरावनी आवाजें

यह आवाजें सुबह 8:45 बजे से दोपहर तक और फिर दोपहर 3:30 बजे से रात 10 बजे तक लगातार चलती थीं। यानी हर दिन 10 घंटे से ज्यादा समय तक अजीब और डरावनी आवाजें गूंजती रहती थीं।

पूरे बिल्डिंग के लोग होते थे परेशान

इसका असर सिर्फ एक पड़ोसी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरी बिल्डिंग के लोग इससे परेशान हो गए। खासतौर पर ऊपर रहने वाले कुई नाम के व्यक्ति को ज्यादा दिक्कत हुई, क्योंकि उनके बच्चे की परीक्षा चल रही थी और इस शोर के कारण पढ़ाई में बाधा आ रही थी।

आवाज कानूनी सीमा से थी कम

मामला और पेचीदा इसलिए हो गया क्योंकि आवाज कानूनी सीमा से कम थी। घर के अंदर यह शोर लगभग 36 डेसिबल था, जबकि दिन में 60 और रात में 50 डेसिबल तक की अनुमति होती है। इसी कारण प्रशासन तुरंत सख्त कार्रवाई नहीं कर सका।

अदालत का लेना पड़ा सहारा

आखिरकार परेशान होकर कुई ने अदालत का सहारा लिया और संभावित नुकसान को रोकने के लिए याचिका दायर की। अदालत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लू के खिलाफ फैसला सुनाया और उन्हें तुरंत यह हरकत बंद करने का आदेश दिया। फैसले के बाद लू ने स्पीकर हटा दिया, सारी रिकॉर्डिंग मिटा दी और भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने का वादा किया।

  Written By Toshi Shah