सोचिए अगर आपको एक ऐसा घर दिया जाए जिसमें आप सीधा खड़े तो हो जाएं, लेकिन घूमना या दो लोग साथ में चलना मुश्किल हो। यह कोई फिल्म का सीन नहीं, बल्कि हकीकत में ऐसा घर मौजूद है जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। यह घर दुनिया का सबसे संकरा माना जा रहा है और इसकी चौड़ाई महज 63 सेंटीमीटर है। सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।

63 सेंटीमीटर का अनोखा डिज़ाइन
यह घर पेरू के Aucallama इलाके में बनाया गया है। इसे डिजाइन और बनाया है Fabio Moreno ने। उनका कहना है कि उन्होंने यह घर इसलिए बनाया ताकि यह दिखा सकें कि खुशी और सुविधा घर के आकार पर नहीं, बल्कि उसे कैसे इस्तेमाल किया जाए, इस पर निर्भर करती है।

छोटा है पर खोटा नहीं
हालांकि यह घर बेहद पतला है, लेकिन इसमें आधुनिक घर की लगभग सभी सुविधाएं मौजूद हैं:

किचन
बाथरूम
बेडरूम
डाइनिंग एरिया
स्टडी कॉर्नर
लॉन्ड्री स्पेस
दो मंजिल और उन्हें जोड़ने वाली सीढ़ियां
यानि, एक पूरा घर सिर्फ 63 सेंटीमीटर की चौड़ाई में फिट किया गया है।

अंदर जाना भी बन गया चैलेंज
इतनी पतली जगह की वजह से एक समय में केवल एक ही व्यक्ति आराम से अंदर जा सकता है। अगर दो लोग साथ जाएं तो हर कदम सोच-समझकर रखना पड़ता है। Fabio Moreno ने इसे “दुनिया का सबसे पतला घर” बनाने के लिए Guinness World Records में आवेदन दिया है। पुष्टि अभी बाकी है, लेकिन इंटरनेट पर यह घर लोगों का ध्यान खींच रहा है।

सोशल मीडिया पर लोगों ने अपनी अपनी राय दी
इंटरनेट यूजर्स ने इस घर को देखकर मज़ेदार कमेंट किए हैं। किसी ने लिखा, “भाई, ये घर है या पेंसिल बॉक्स?” तो किसी ने कहा, “अगर थोड़ी और पतली होती तो जेब में रख लेते।” वहीं कई लोग इसकी क्रिएटिविटी की तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं, “कमाल का आईडिया है, इतनी छोटी जगह में पूरा घर फिट कर दिया।”

Written by: Anushka sagar