गर्मी का मौसम शुरू होते ही तापमान तेजी से बढ़ने लगता है और कई इलाकों में लोग हीट वेव से जूझने लगते हैं। भारत के कई शहरों में तो पारा 45 से 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है, जिससे जनजीवन काफी प्रभावित होता है। लेकिन दुनिया में एक ऐसी जगह भी है जहां गर्मी अपने चरम पर पहुंच जाती है, और उसे ‘आग का नर्क’ तक कहा जाता है।
दुनिया की सबसे गर्म जगह
दुनिया की सबसे गर्म जगह है Death Valley, जो अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में Mojave Desert के अंदर स्थित है। यह इलाका अपने अत्यधिक तापमान के लिए मशहूर है। यहां 10 जुलाई 1913 को 56.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया था, जो आज भी पृथ्वी पर दर्ज सबसे अधिक आधिकारिक तापमान माना जाता है। इतनी भीषण गर्मी के कारण यहां लंबे समय तक रहना इंसानों के लिए बेहद कठिन हो जाता है।
सबसे गर्म शहर और अन्य स्थान
अगर आबादी वाले सबसे गर्म शहर की बात करें, तो ईरान का Ahvaz इस सूची में प्रमुख है। यहां 2017 में तापमान लगभग 54 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इसके अलावा, Dasht-e Lut को धरती की सबसे गर्म सतह माना जाता है। नासा के सैटेलाइट आंकड़ों के अनुसार, यहां का तापमान 70 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक दर्ज किया जा चुका है।
इतनी अधिक गर्मी क्यों पड़ती है?
इन जगहों पर अत्यधिक गर्मी के पीछे कई वैज्ञानिक कारण हैं। डेथ वैली समुद्र तल से नीचे स्थित है, जिससे वहां गर्म हवा फंस जाती है और बाहर नहीं निकल पाती। साथ ही, वहां नमी बहुत कम होती है और वातावरण बेहद शुष्क होता है, जिससे तापमान और अधिक महसूस होता है। इसी तरह, दश्त-ए-लूत जैसे रेगिस्तानी इलाकों में जमीन सूर्य की गर्मी को तेजी से अवशोषित कर लेती है, जिससे सतह का तापमान बहुत ज्यादा बढ़ जाता है।
Written By Toshi Shah