पनीर से बनने वाली डिशेज हर उम्र के लोगों को पसंद आती हैं। अगर आप बार-बार मटर पनीर या पालक पनीर खाकर कुछ अलग खाने का मन बना रहे हैं, तो इस बार पनीर दो प्याजा बनाकर देखिए। इस सब्जी में पनीर के साथ प्याज का इस्तेमाल दो अलग-अलग तरह से किया जाता है, जिससे इसका स्वाद और टेक्सचर दोनों खास बन जाते हैं। ढाबे जैसी ग्रेवी, मसालों की खुशबू और हल्के कुरकुरे प्याज के साथ तैयार यह सब्जी लंच या डिनर के लिए बढ़िया विकल्प है। इसे बनाने के लिए किसी खास तैयारी की भी जरूरत नहीं पड़ती।
पनीर दो प्याजा बनाने के लिए सामग्री
- 250 ग्राम पनीर
- 2 से 3 प्याज
- 2 टमाटर
- 1 हरी मिर्च
- 1 छोटा टुकड़ा अदरक
- 4 से 5 लहसुन की कलियां
- ½ चम्मच हल्दी
- 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 से 1½ चम्मच धनिया पाउडर
- ½ चम्मच गरम मसाला
- स्वादानुसार नमक
- 1 से 2 चम्मच कसूरी मेथी
- थोड़ा हरा धनिया
- 2 से 3 चम्मच दही या जरूरत के अनुसार क्रीम
- तेल
इस तरह बनाएं ढाबा स्टाइल पनीर दो प्याजा
सबसे पहले पनीर को मध्यम आकार के टुकड़ों में काट लें। कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और पनीर के टुकड़ों को हल्का सुनहरा होने तक सेंक लें। ज्यादा देर तक न भूनें, वरना पनीर सख्त हो सकता है। तैयार पनीर को प्लेट में निकालकर रख दें।
अब उसी कड़ाही में जरूरत के मुताबिक थोड़ा तेल डालें। इसमें बारीक कटा प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद इसमें कद्दूकस किया हुआ अदरक, बारीक कटा लहसुन और हरी मिर्च डालकर कुछ देर पकाएं।
अब कटे हुए टमाटर डालें और उन्हें तब तक पकाएं, जब तक वे पूरी तरह नरम न हो जाएं। गैस बंद करके मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें। इसके बाद इसे मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें।
कड़ाही में फिर से थोड़ा तेल गर्म करें और तैयार ग्रेवी डाल दें। इसे मध्यम आंच पर करीब 5 से 10 मिनट तक पकाएं, ताकि मसाले अच्छी तरह भुन जाएं और ग्रेवी से तेल अलग दिखाई देने लगे। अब इसमें दही या क्रीम डालकर लगातार चलाते हुए मिलाएं।
इसके बाद भुना हुआ पनीर ग्रेवी में डालें और कुछ मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें, ताकि पनीर मसालों का स्वाद अच्छी तरह सोख ले।
प्याज और कसूरी मेथी से आएगा खास स्वाद
पनीर दो प्याजा की खासियत इसके प्याज वाले फ्लेवर में ही होती है। इसके लिए एक प्याज को बड़े चौकोर टुकड़ों में काट लें। अलग पैन या कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करके इन टुकड़ों को हल्का सा भूनें। प्याज को पूरी तरह गलाने के बजाय थोड़ा क्रंच बनाए रखें।
जब पनीर ग्रेवी में अच्छी तरह पक जाए, तब भुने हुए प्याज को इसमें मिला दें। ऊपर से कसूरी मेथी को हथेलियों के बीच मसलकर डालें। साथ ही गरम मसाला छिड़ककर करीब 2 मिनट तक सब्जी को पकाएं।
आखिर में बारीक कटा हरा धनिया डालें और गैस बंद कर दें। तैयार है स्वादिष्ट और खुशबूदार पनीर दो प्याजा। इसे गर्मागर्म रोटी, नान, पराठे या जीरा राइस के साथ परोस सकते हैं।
ये भी पढ़ें- सुबह पहला कदम रखते ही एड़ी में चुभता है तेज दर्द? जानें इसकी वजह और बचाव के उपाय