Tips Chhath Fast: छठ पर्व बिहार समेत देश के कई हिस्सों में बेहद श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। यह त्योहार सिर्फ आस्था और परंपरा का प्रतीक नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति आभार जताने का भी खास अवसर है। हालांकि, छठ पूजा की तैयारियों में साफ-सफाई से लेकर प्रसाद बनाने और पूजा की व्यवस्था करने तक काफी मेहनत करनी पड़ती है। वहीं, व्रत के दौरान कई घंटों तक भूखे-प्यासे भी रहना पड़ता है। ऐसे में शरीर को पहले से तैयार करना बेहद जरूरी है, ताकि कमजोरी और थकान से बचा जा सके।

हेल्थ एक्सपर्ट की मानें तो, छठ एक महत्वपूर्ण और शारीरिक रूप से कठिन व्रत है। इसलिए व्रत शुरू होने से कुछ दिन पहले खानपान और लाइफस्टाइल में बदलाव करके शरीर को तैयार करना चाहिए।

1. शरीर को रखें हाइड्रेटेड

छठ व्रत से पहले शरीर में पानी की पर्याप्त मात्रा बनाए रखना जरूरी है। दिनभर पर्याप्त पानी पिएं। इसके अलावा नारियल पानी, छाछ और घर का बना नींबू पानी भी डाइट में शामिल कर सकते हैं। ये शरीर में हाइड्रेशन और इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखने में मदद करते हैं।

2. मौसमी फलों को बनाएं डाइट का हिस्सा

शरीर को जरूरी पोषण देने के लिए पपीता, अनार, अमरूद, संतरा और सेब जैसे मौसमी फलों का सेवन करें। इनमें मौजूद विटामिन, मिनरल्स, एंटीऑक्सीडेंट और फाइबर इम्यूनिटी को सपोर्ट करने के साथ पाचन को भी बेहतर बनाए रखने में मदद करते हैं।

3. नींद से न करें समझौता

छठ की तैयारियों और व्रत के दौरान काफी मेहनत करनी पड़ती है। ऐसे में शरीर को आराम देना भी जरूरी है। रोजाना 7 से 9 घंटे की नींद लेने की कोशिश करें। अच्छी नींद से थकान कम होती है और शरीर को पर्याप्त ऊर्जा मिलती है।

4. तले-भुने और भारी खाने से बचें

व्रत से पहले बहुत ज्यादा तैलीय, मसालेदार और भारी भोजन करने से बचें। इससे एसिडिटी और पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा अधिक नमक खाने से प्यास बढ़ सकती है, इसलिए नमक का सेवन भी सीमित रखें।

5. क्रैश डाइटिंग बिल्कुल न करें

हेल्थ एक्सपर्ट के अनुसार छठ व्रत से पहले खाना छोड़ने या क्रैश डाइटिंग करने की गलती न करें। अपनी डाइट में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, हेल्दी फैट और फाइबर का संतुलन बनाए रखें। इससे शरीर को जरूरी पोषण मिलता रहेगा।

इन लोगों को बरतनी चाहिए खास सावधानी

अगर आपको डायबिटीज, किडनी या दिल से जुड़ी कोई बीमारी है, आप गर्भवती हैं या नियमित रूप से दवाएं लेते हैं, तो निर्जला व्रत रखने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें। सेहत को प्राथमिकता देते हुए ही व्रत और पूजा की तैयारियां करें।

ये भी पढ़ें: अकेलापन बढ़ा सकता है हार्ट अटैक का खतरा! रिसर्च में हुआ बड़ा खुलासा