नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस हादसे में मारे गए लोगों के लिए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। इसके साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपए एवं घायलों को 50-50 हजार रूपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है। इसके अलावा उन्होंने घायल यात्रियों को बेहतर से बेहतर इलाज दिलाने के लिए स्थानीय अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए हैं।
PM मोदी ने जताया दुख और आर्थिक सहायता देने की घोषणा की
जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों एवं घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। प्रधानमंत्री मोदी ने (X) पर एक पोस्ट कर मृतकों के परिजनों को सांत्वना देते हुए अपनी संवेदना प्रकट की है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने घायलों के जल्द-से-जल्द ठीक होने की कामना भी की है। इसके अलावा पीएम ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से आर्थिक सहायता के रूप में मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये एवं घायलों को 50-50 हजार रुपये की घोषणा की है।
राष्ट्रपति मुर्मु व उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने भी संवेदना प्रकट की
वहीं इस घटना को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु एवं उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी अपनी संवेदना प्रकट करते हुए शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति मुर्मु ने संवेदना व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा है कि उत्तर प्रदेश में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बस में आग लगने से लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
उपराष्ट्रपति ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की
जबकि उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने ने शोक प्रकट करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा है कि उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बस में लगी आग की घटना से बहुत दुखी हूं, जिसमें कई कीमती जानें चली गईं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इस घटना में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
ये भी पढ़ें-यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा! स्लीपर बस में आग लगने से 9 यात्रियों की मौत