Weather Update 24 September: देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव (Deep Depression) उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट की ओर बढ़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक इसके असर से 24 सितंबर को कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। IMD के 23 सितंबर के बुलेटिन में सिस्टम के 23 सितंबर की रात उत्तरी आंध्र प्रदेश-दक्षिणी ओडिशा तट पार करने की संभावना जताई गई थी।
24 सितंबर को इन राज्यों में भारी बारिश का असर
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक 24 सितंबर को तेलंगाना, दक्षिणी ओडिशा और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। वहीं उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम में भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।इस मौसम सिस्टम के चलते कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं का भी खतरा बना हुआ है।
यूपी-एमपी में भी बदलेगा मौसम
पूर्वी उत्तर प्रदेश में 24 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 25 और 26 सितंबर को भी पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। बारिश के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 6 से 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखने को मिल सकती है।मध्य प्रदेश की बात करें तो 24 से 29 सितंबर के बीच पश्चिमी मध्य प्रदेश में कई जगहों पर बारिश की संभावना है। वहीं 24 और 29 सितंबर को पूर्वी मध्य प्रदेश तथा 29 सितंबर को विदर्भ में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
60 से 80 KM की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार 24 सितंबर को पूर्वी यूपी, पूर्वी राजस्थान, असम, मेघालय और तटीय कर्नाटक में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।बंगाल की खाड़ी और उससे लगे तटीय इलाकों में स्थिति ज्यादा खराब रह सकती है। IMD के तटीय बुलेटिन के अनुसार उत्तरी आंध्र और ओडिशा के तट पर तेज हवाएं चल रही हैं और समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रहने की संभावना है।
मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह
मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी के प्रभावित हिस्सों और आंध्र प्रदेश-ओडिशा के तटीय इलाकों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। IMD के अनुसार प्रभावित समुद्री क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब हो सकती है।
इन इलाकों में अचानक बाढ़ का खतरा
भारी बारिश के कारण ओडिशा के पुरी, कटक, खुर्दा, गंजाम, कोरापुट और जगतसिंहपुर समेत कुछ जिलों के निचले इलाकों में जलभराव और अचानक बाढ़ का खतरा बताया गया है। आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के कुछ निचले इलाकों में भी भारी बारिश के बाद स्थिति बिगड़ सकती है।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-NCR में 24 सितंबर को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। शाम और रात में दक्षिण-पूर्वी दिशा से हवाएं चल सकती हैं।इस बीच IMD के अनुसार 23 सितंबर तक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पंजाब, हरियाणा, राजस्थान के अधिकांश हिस्सों, पूरी दिल्ली और उत्तर प्रदेश के साथ गुजरात के कुछ हिस्सों से वापस लौट चुका है।