देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 20 सितंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा समेत 21 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में आंधी की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक पहुंच सकती है। पूर्वी भारत में गरज-चमक और आकाशीय बिजली का खतरा भी बताया गया है। ऐसे में किसानों के साथ-साथ पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करने वाले लोगों को भी मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही आगे बढ़ने की सलाह दी गई है।
पूर्वी भारत में बढ़ सकता है खतरा
ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। मौसम में यह बदलाव बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों को भी प्रभावित कर सकता है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी में बन रहा मौसम तंत्र आने वाले दिनों में और मजबूत होने की संभावना है। 21 सितंबर को पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने और 22 सितंबर तक इसके पश्चिमी-मध्य बंगाल की खाड़ी में गहन दबाव में बदलने की संभावना जताई गई है। इसके कारण कई क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में 20 सितंबर को हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश का हाल
उत्तर प्रदेश के नोएडा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, हापुड़, बुलंदशहर, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, इटावा, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, देवरिया, झांसी और कई अन्य जिलों में बारिश और आंधी का येलो अलर्ट है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
बिहार और झारखंड में आंधी-बिजली का खतरा
बिहार के पटना, गया, गोपालगंज, मधेपुरा, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, भागलपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की संभावना है। हवा करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। कई इलाकों में बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। झारखंड के देवघर, गिरिडीह, हजारीबाग, बोकारो, पश्चिमी और पूर्वी सिंहभूम, गुमला तथा पलामू में भारी बारिश के साथ 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। रांची में तापमान 23 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम खराब
उत्तराखंड के चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी है। हिमाचल प्रदेश के चंबा, शिमला, मंडी, सोलन, कांगड़ा और ऊना में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
ये भी पढ़ें- अमेरिका से बातचीत के लिए ईरान की 7 शर्तें, तेहरान की चेतावनी से बढ़ी टेंशन
पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश पर भी असर
पंजाब के कई जिलों में 20 और 21 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राजस्थान के दौसा, कोटा, झालावाड़, अजमेर, टोंक, बीकानेर, बाड़मेर, जोधपुर और अन्य क्षेत्रों में बारिश के साथ तेज हवाओं का अनुमान है। मध्य प्रदेश में छतरपुर, उमरिया, भिंड, कटनी, इंदौर, बालाघाट, रतलाम, झाबुआ, मंडला, सीधी, सिंगरौली और भोपाल समेत कई स्थानों पर बारिश और आंधी की संभावना है। मौसम विभाग की चेतावनियों को देखते हुए खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर ढांचों के पास सावधानी बरतना जरूरी है।