देश के कई राज्यों में एक बार फिर बारिश का दौर तेज हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 27 सितंबर को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार समेत 22 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है।
डिप्रेशन के कारण बढ़ी बारिश की गतिविधियां
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगे उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और बिहार समेत कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। हालांकि, अगले 12 घंटों के दौरान इस सिस्टम के कमजोर पड़ने का अनुमान है। IMD ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान अचानक बाढ़ के कम से मध्यम खतरे की चेतावनी भी जारी की है।
22 राज्यों में बारिश का अनुमान
27 सितंबर को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में सबसे ज्यादा बारिश होने की संभावना है। इनके अलावा हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, गुजरात, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना में भी अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है। बारिश के दौरान कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ आंधी और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है।
दिल्ली में भी बारिश का दौर
राजधानी दिल्ली में 27 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ गरज-चमक हो सकती है। 28 सितंबर को बारिश की तीव्रता कम होने की संभावना है, जबकि 29 सितंबर से मौसम में सुधार आने का अनुमान है।
यूपी में भारी बारिश और बाढ़ का खतरा
उत्तर प्रदेश में 27 सितंबर से बारिश का असर बढ़ सकता है। पूर्वी यूपी में 27 सितंबर से 1 अक्टूबर और पश्चिमी यूपी में 27 से 29 सितंबर तक कई जगह बारिश होने की संभावना है। बहराइच, गोंडा, हरदोई, कानपुर, खीरी, श्रावस्ती, सीतापुर, कन्नौज समेत कई जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा बताया गया है। पश्चिमी यूपी के बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, रामपुर और मुरादाबाद समेत कई जिलों में भी सतर्कता जरूरी है।
उत्तराखंड और हिमाचल में भारी बारिश
उत्तराखंड में 27 और 28 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। तेज हवाओं और बिजली गिरने की भी आशंका है। खराब मौसम के चलते चारधाम यात्रा को दो दिनों के लिए रोका गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हुई है। हिमाचल प्रदेश में भी 27 सितंबर को भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। यहां बारिश का असर 28 सितंबर तक बने रहने का अनुमान है।
ये भी पढ़ें-UNGA में जयशंकर का सख्त संदेश, सीमा पार आतंकवाद पर कहा- जिम्मेदार देशों को जवाबदेह...
दक्षिण भारत में भी बारिश जारी
दक्षिण भारत में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। तेलंगाना, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक समेत कई राज्यों में 27 सितंबर से 2 अक्टूबर तक बारिश होने की संभावना है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 29 सितंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने अरब सागर के कुछ हिस्सों और सोमालिया तट के आसपास समुद्र में जाने वाले मछुआरों को भी 28 सितंबर तक सावधानी बरतने की सलाह दी है।