प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री से जुड़े एक वीडियो को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किए गए इस वीडियो में एक मिमिक्री कलाकार राहुल गांधी की मौजूदगी में पीएम मोदी की नकल करता नजर आ रहा है। वीडियो में राहुल गांधी के मुस्कुराने और प्रस्तुति का आनंद लेते हुए दिखाई देने को लेकर बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पर सवाल उठाए हैं।
इंदौर के कार्यक्रम में पीएम मोदी की मिमिक्री
वीडियो को लेकर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला, उन्होंने एक्स पर वीडियो को री-पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस अब कॉमेडियन और जोकरों की पार्टी बन चुकी है। उन्होंने अपने पोस्ट के अंत में 'RIP' भी लिखा, बताया जा रहा है कि यह वीडियो मध्य प्रदेश के इंदौर में हुए एक कार्यक्रम का है। इसी कार्यक्रम के दौरान मिमिक्री कलाकार पुलकित मनी ने पीएम मोदी की आवाज और अंदाज की नकल की थी।
Congress Party has become a Party of Comedians & Jokers!
— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) September 20, 2026
They are out forever.... RIP pic.twitter.com/80YaZfqEal
बुजुर्ग महिला को लेकर भी उठे सवाल
वीडियो के एक हिस्से को लेकर बीजेपी नेताओं ने विशेष आपत्ति जताई है। आरोप है कि पीएम मोदी की मिमिक्री करते समय पुलकित मनी ने एक बुजुर्ग महिला के लिए कुर्सी मांगे जाने की घटना का भी मजाकिया अंदाज में जिक्र किया।
बुजुर्ग महिला के मजाक पर मेघवाल ने कांग्रेस को घेरा
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने इसे बुजुर्ग महिला का अपमान बताया, उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ सम्मान और अपनापन दिखाने की बात होती है, जबकि दूसरी ओर बुजुर्ग मां का मजाक उड़ाया जा रहा है।
स्मृति ईरानी ने भी साधा निशाना
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी कांग्रेस के पोस्ट को री-पोस्ट करते हुए राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, "जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है।" बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी इस मामले पर राहुल गांधी की आलोचना की। उनका आरोप है कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता की भूमिका निभाने के बजाय सोशल मीडिया ट्रोल्स के नेता की तरह व्यवहार कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने भी वीडियो को लेकर राहुल गांधी पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां का अपमान किया गया।
जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है! https://t.co/3kqUjvuwq9
— Smriti Z Irani (@smritiirani) September 20, 2026
मोहन यादव ने भी की आलोचना
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी इस मामले पर राहुल गांधी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि यदि कार्यक्रम छात्रों से जुड़ा था, तो राहुल गांधी को छात्रों के साथ संवाद करना चाहिए था और उनके सवालों का जवाब देना चाहिए था। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री की मिमिक्री और बुजुर्ग महिला से जुड़े प्रसंग को इस तरह पेश करना उचित नहीं था।
ये भी पढ़ें- अमेरिका से बातचीत के लिए ईरान की 7 शर्तें, तेहरान की चेतावनी से बढ़ी टेंशन
गजेंद्र शेखावत और रेखा गुप्ता का हमला
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी वीडियो को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स पर लिखा, "किसी का सरनेम चुराया जा सकता है, संस्कार नहीं।" दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी इस घटना को लेकर राहुल गांधी की आलोचना की, उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने मां से जुड़े प्रसंग पर हंसकर अपने राजनीतिक संस्कारों को सामने रखा। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं और विरोध भी लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन किसी की दिवंगत मां को लेकर कथित तौर पर अमर्यादित टिप्पणी करना और उसका मजाक उड़ाना उचित नहीं है। इस पूरे मामले के बाद पीएम मोदी की मिमिक्री वाले वीडियो को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।
You can steal someone’s surname, but not their class.
— Gajendra Singh Shekhawat (@gssjodhpur) September 20, 2026
किसी का सरनेम चुराया जा सकता है, संस्कार नहीं।@RahulGandhi https://t.co/mfZgfAHTkR