नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली के यशोभूमि में इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2026 के 10वें संस्करण का उद्घाटन किया। 7 से 10 अक्टूबर तक आयोजित हो रहे इस चार दिवसीय कार्यक्रम में भारत समेत दुनिया के कई देशों की टेक्नोलॉजी कंपनियां, स्टार्टअप, निवेशक, नीति निर्माता और विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। इस साल IMC की थीम ‘Scale Without Boundaries’ यानी ‘सीमाओं से परे विस्तार’ रखी गई है। 

5G-6G से AI और सेमीकंडक्टर तक फोकस

इंडिया मोबाइल कांग्रेस के इस संस्करण में डिजिटल टेक्नोलॉजी और अगली पीढ़ी की कनेक्टिविटी से जुड़े कई अहम क्षेत्रों पर चर्चा और प्रदर्शन किया जा रहा है। इसमें 5G और 6G, AI नेटवर्क, सेमीकंडक्टर, साइबर सिक्योरिटी, क्वांटम कम्युनिकेशन, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और नॉन-टेरेस्ट्रियल नेटवर्क जैसे सेक्टर शामिल हैं। 

इस बार आयोजन का दायरा कुछ नए क्षेत्रों तक भी बढ़ाया गया है। इनमें स्मार्ट मोबिलिटी, स्टेडियम एक्सपीरियंस, इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स और ट्रांसपोर्ट टेक्नोलॉजी शामिल हैं। इसका मकसद नई तकनीकों को केवल प्रदर्शित करने के बजाय उनके व्यावहारिक इस्तेमाल और बड़े स्तर पर विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा करना है।

100 से ज्यादा देशों की भागीदारी

IMC 2026 में 100 से ज्यादा देशों की भागीदारी हो रही है। आयोजकों के मुताबिक इस संस्करण में 1.5 लाख से ज्यादा प्रतिभागियों के आने की उम्मीद है। इसके अलावा 500 से अधिक पार्टनर्स और प्रदर्शक, 600 से ज्यादा स्टार्टअप और करीब 900 विचारक व विशेषज्ञ इसमें हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम में 2,000 से ज्यादा टेक्नोलॉजी यूज केस और 120 से अधिक सत्र भी रखे गए हैं। (PM India)

चार प्रमुख स्तंभों पर आधारित है IMC 2026

इस साल के इंडिया मोबाइल कांग्रेस को चार प्रमुख स्तंभों के आधार पर तैयार किया गया है। इनमें ‘सृष्टि’ यानी भविष्य का निर्माण, ‘संवर्धन’ यानी विकास को गति देना, ‘सशक्त’ यानी अवसरों का विस्तार और ‘सुरक्षा’ यानी डिजिटल भरोसे को मजबूत करना शामिल है। इनका फोकस नई तकनीक विकसित करने से लेकर उसे सुरक्षित और समावेशी तरीके से बड़े स्तर पर लागू करने तक है। 

भारत के डिजिटल बदलाव को वैश्विक मंच

इंडिया मोबाइल कांग्रेस का आयोजन दूरसंचार विभाग (DoT) और Cellular Operators Association of India (COAI) की ओर से संयुक्त रूप से किया जा रहा है। यह मंच भारत के टेलीकॉम और डिजिटल सेक्टर की प्रगति को दुनिया के सामने रखने के साथ-साथ कंपनियों, स्टार्टअप और निवेशकों के बीच सहयोग के अवसर भी उपलब्ध कराता है। 

IMC 2026 ऐसे समय में हो रहा है जब भारत में 5G के विस्तार के साथ AI, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग पर भी तेजी से जोर दिया जा रहा है। ऐसे में इस साल की थीम ‘Scale Without Boundaries’ भारत की डिजिटल टेक्नोलॉजी को बड़े स्तर पर अपनाने और वैश्विक स्तर तक पहुंचाने की दिशा पर केंद्रित है।