दिल्ली के तिलक नगर में मंत्री परवेश वर्मा के कथित थप्पड़ मारने के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने मंत्री के खिलाफ गैर-संज्ञेय रिपोर्ट (NCR) दर्ज की है। वहीं, PWD इंजीनियरों की शिकायत पर आम आदमी पार्टी के विधायक जर्नैल सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। घटना के बाद मामला राजनीतिक विवाद में बदल गया है और AAP लगातार मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है।

वीडियो के आधार पर मंत्री पर NCR

पुलिस के मुताबिक वायरल वीडियो में परवेश वर्मा एक युवक को थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। जांच में गंभीर चोट की पुष्टि नहीं होने के कारण उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115 के तहत गैर-संज्ञेय रिपोर्ट दर्ज की गई है।दिल्ली पुलिस ने कहा कि साहिब सिंह और PWD के एक सहायक अभियंता की शिकायत पर कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस के पास कुछ अन्य शिकायतें भी पहुंची हैं, जिनकी जांच जारी है।

जर्नैल सिंह पर क्यों दर्ज हुई FIR?

तिलक नगर से AAP विधायक जर्नैल सिंह के खिलाफ PWD इंजीनियरों की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़ी सभी शिकायतों की जांच एक साथ की जा रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर होगी।

विकसपुरी थाने के बाहर AAP का प्रदर्शन

मामले को लेकर AAP नेताओं ने विकसपुरी पुलिस थाने के बाहर धरना दिया। दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दो दिन बीत जाने के बावजूद मंत्री के खिलाफ FIR दर्ज नहीं की गई, जबकि जर्नैल सिंह पर केस कर दिया गया।उन्होंने कहा कि खराब सड़क का मुद्दा उठाने वालों को निशाना बनाया जा रहा है और जब तक मंत्री के खिलाफ FIR दर्ज नहीं होगी, विरोध जारी रहेगा।

जांच जारी

दिल्ली पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम के वीडियो और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है। साथ ही सभी शिकायतों और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।