दिल्ली के कालकाजी मंदिर इलाके में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की से गैंगरेप की घटना सामने आई है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों में से एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात के दौरान खुद को पुलिसकर्मी बताकर पीड़िता और उसके दोस्त को डराया था।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता सोमवार (21 सितंबर) शाम करीब 7 बजे अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर पहुंची थी। मंदिर में दर्शन करने के बाद दोनों करीब 7:30 बजे पास के एक पार्क में चले गए। आरोप है कि इसी दौरान 25 से 30 साल की उम्र के तीन युवक वहां पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों को धमकाया।

POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद शाम करीब 8:45 बजे पुलिस को PCR कॉल के जरिए सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा और मामले में POCSO एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया।

एनकाउंटर के बाद एक आरोपी गिरफ्तार

पुलिस कार्रवाई में आरोपी आसिफ को मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर इलाज कराया गया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर बाकी दो आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

दिल्ली पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं।

 

ये भी पढ़ें- UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 34 IAS अधिकारियों का तबादला; 14 जिलों के बदले DM