उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए 34 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले किए हैं। सोमवार, 21 सितंबर को जारी आदेश में 14 जिलों के जिलाधिकारियों (DM) को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह पिछले 24 घंटे में IAS अफसरों के तबादले की दूसरी सूची है। इससे पहले भी 10 IAS अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया था।
14 जिलों के बदले जिलाधिकारी
नई सूची के मुताबिक अनुनय झा को मुरादाबाद, राहुल पाण्डेय को हरदोई, एम. अरुन्मोली को एटा, संजय चौहान को कुशीनगर और महेंद्र सिंह तंवर को कानपुर नगर का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं अनुज मलिक को संतकबीरनगर, आलोक कुमार को पीलीभीत, ज्ञानेंद्र सिंह को बलिया, शशांक चौधरी को अमेठी, दिव्यांशु पटेल को बागपत, प्रभास कुमार को महोबा, उमेश प्रताप सिंह को बिजनौर, सत्य प्रकाश पटेल को हाथरस और अशोक कुमार को हमीरपुर का डीएम नियुक्त किया गया है।
कई वरिष्ठ अधिकारियों की बदली जिम्मेदारी
तबादला सूची में 20 अन्य IAS अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। हिमांशु कौशिक को उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक पद से हटाकर नगर आयुक्त नगर निगम मुरादाबाद बनाया गया है। वहीं विजय कुमार सिंह को देवरिया के मुख्य राजस्व अधिकारी पद से मिर्जापुर का मुख्य विकास अधिकारी (CDO) नियुक्त किया गया है।
संतोष बहादुर सिंह को मैनपुरी का CDO बनाया गया
संतोष बहादुर सिंह को सहारनपुर के अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) से मैनपुरी का CDO, जबकि विशाल कुमार को मिर्जापुर CDO से गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GIDA) का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।
इसके अलावा विजय कुमार को आगरा विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष और संभागीय खाद्य नियंत्रक आगरा की जिम्मेदारी दी गई है।
IAS अमनदीप डली को नई जिम्मेदारी
तबादलों के तहत अमनदीप डली को अपर आयुक्त मनरेगा पद से हटाकर नियंत्रक विधिक बाट-माप नियुक्त किया गया है। वहीं शैलेन्द्र भाटिया को यूपीआईडीए का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।
ग़ज़ल भारद्वाज को महोबा डीएम पद से हटाकर इन्वेस्ट यूपी का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, नितिन मदान को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी और जसजीत कौर को उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
वहीं जितेंद्र प्रताप सिंह को कानपुर नगर डीएम पद से निदेशक उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद की जिम्मेदारी दी गई है।
कई जिलाधिकारियों को मिली नई तैनाती
नेहा बंधु को मुख्य विकास अधिकारी मैनपुरी से अपर आयुक्त विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन बनाया गया है। वहीं अस्मिता लाल को बागपत डीएम पद से विशेष सचिव पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं संबंधित विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा अभिषेक गोयल को हमीरपुर डीएम से विशेष सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक, जबकि मंगला प्रसाद सिंह को बलिया डीएम से प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड बनाया गया है।
राजेंद्र पैसिया बने विशेष सचिव कारागार
अन्य बदलावों में निधि श्रीवास्तव को विशेष सचिव उच्च शिक्षा से विशेष सचिव राज्य कर, अरविंद सिंह को एटा डीएम से विशेष सचिव खाद्य एवं रसद और राजेंद्र पैसिया को मुरादाबाद डीएम से विशेष सचिव कारागार प्रशासन एवं सुधार नियुक्त किया गया है।
अतुल वत्स को विशेष सचिव राजस्व और चन्द्र शेखर को अतिरिक्त जिम्मेदारी
वहीं अतुल वत्स को हाथरस डीएम से विशेष सचिव राजस्व और चन्द्र शेखर को विशेष सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन के साथ परती भूमि विकास का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को आगामी प्रशासनिक तैयारियों और जिलों में कामकाज को गति देने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।